पहले मुझसे ‘राइट्स’ लो फिर फिल्म बनाओ... पाकिस्तानी जासूस बनकर भारत आए अदनान सामी? कॉमेडियन के जोक पर सिंगर ने दिया मजेदार जवाब
‘वो अदनान सामी है’... कॉमेडियन के इस जोक पर खुद सिंगर ने किया रिएक्ट
Adnan Sami Reaction : बॉलीवुड सिंगर अदनान सामी इन दिनों अपने गानों से ज्यादा एक वायरल मजाक को लेकर चर्चा में हैं। समय रैना के शो ‘इंडियाज गॉट लेटेंट 2’ में कॉमेडियन आदित्य कुलश्रेष्ठ उर्फ कुल्लू ने अदनान सामी पर ऐसा वन-लाइनर मारा कि पूरा पैनल और ऑडियंस हंस पड़े। खास बात यह रही कि जब इस मजेदार पल का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ, तो खुद अदनान सामी भी इसका हिस्सा बन गए।
आयुष्मान की बात पर कुल्लू ने मारा वन-लाइनर
शो के एक एपिसोड में आयुष्मान खुराना बतौर पैनलिस्ट पहुंचे थे। उनके साथ कुल्लू, रजत सूद और मेंटलिस्ट सुहानी शाह भी नजर आए। आयुष्मान अपनी अपकमिंग फिल्म ‘उड़ता तीर’ को प्रमोट करने पहुंचे थे। बातचीत के दौरान समय रैना ने आयुष्मान से फिल्म की कहानी के बारे में पूछा।
एक्टर ने बताया कि फिल्म में वह एक पाकिस्तानी जासूस का किरदार निभा रहे हैं, जो भारत आता है और अपनी याददाश्त खो देता है। उसे देशभक्ति याद रहती है, लेकिन वह भूल जाता है कि वह किस देश से है। आयुष्मान की यह बात सुनते ही कुल्लू ने तुरंत कहा, “वो अदनान सामी है।” बस फिर क्या था, स्टूडियो में जोरदार ठहाके गूंजने लगे।
View this post on Instagram
अदनान सामी ने खुद किया जोक पर रिएक्ट
कुल्लू ने बाद में इस मजेदार क्लिप को सोशल मीडिया पर शेयर किया। वीडियो वायरल होने के बाद खुद अदनान सामी ने भी कमेंट कर दिया। उन्होंने मजाकिया अंदाज में लिखा, "पहले मुझसे ‘राइट्स’ लो और फिर फिल्म बनाओ।" अदनान के इस जवाब ने वायरल वीडियो की चर्चा को और बढ़ा दिया। उनके कमेंट से साफ था कि उन्होंने कुल्लू की बात को गंभीरता से लेने के बजाय उसी अंदाज में मजाक के तौर पर लिया।
पाकिस्तान से भारत तक का सफर
अदनान सामी पहले पाकिस्तानी नागरिक थे और वर्ष 2001 में भारत आए थे। बाद में उन्होंने अपना पाकिस्तानी पासपोर्ट सरेंडर किया और 2016 में उन्हें भारतीय नागरिकता मिली। सिंगर अपनी नागरिकता से जुड़े सफर के बारे में कई बार सार्वजनिक रूप से बात कर चुके हैं।
'उड़ता तीर' में नजर आएंगे आयुष्मान
वर्कफ्रंट की बात करें तो आयुष्मान खुराना इन दिनों अपनी आने वाली फिल्मों को लेकर चर्चा में हैं। ‘उड़ता तीर’ में उनके साथ सारा अली खान नजर आएंगी। फिल्म 9 अक्टूबर 2026 को सिनेमाघरों में रिलीज होने वाली है। इसके अलावा आयुष्मान सूरज बड़जात्या की फिल्म ‘ये प्रेम मोल लिया’ में शरवरी वाघ के साथ दिखाई देंगे। यह फिल्म 27 नवंबर 2026 को थिएटर्स में दस्तक देगी।

