Friendship Day 2026 : अनुपम खेर ने फ्रेंडशिप को बताया टेप रिकॉर्डर का पॉज बटन, बोले- दोस्त बैंक बैलेंस नहीं, जिंदगी की सबसे बड़ी दौलत
सच्चा दोस्त वही जो मुश्किल वक्त में सबसे पहले याद आए
फ्रेंडशिप डे पर दिग्गज अभिनेता अनुपम खेर ने अपने फैंस के साथ दोस्ती पर एक भावुक संदेश साझा किया। इंस्टाग्राम पर पोस्ट किए गए एक वीडियो में उन्होंने कहा कि दोस्त सिर्फ एक रिश्ता नहीं, बल्कि ऐसा एहसास हैं जो हर मुश्किल वक्त में बिना शर्त साथ खड़ा रहता है। इंसान की सबसे बड़ी दौलत उसका बैंक बैलेंस नहीं, बल्कि उसके सच्चे दोस्त होते हैं।
अनुपम खेर ने दोस्ती की खूबसूरती को समझाते हुए इसकी तुलना टेप रिकॉर्डर के 'पॉज बटन' से की। उन्होंने कहा कि सच्ची दोस्ती में चाहे महीनों या सालों तक मुलाकात न हो, लेकिन जब दो दोस्त मिलते हैं तो बातचीत वहीं से शुरू हो जाती है, जहां कभी रुकी थी। इसमें न कोई शिकायत होती है। न ही किसी तरह की औपचारिकता।
View this post on Instagram
कुछ दोस्त हमारी हंसी में बसते हैं
अभिनेता ने कहा कि सच्चा दोस्त वह नहीं जो हर दिन साथ रहे, बल्कि वह है जो मुश्किल समय में सबसे पहले याद आए और बिना किसी शर्त के आपका साथ निभाए। उन्होंने कहा कि समय, शहर और चेहरे बदल सकते हैं, लेकिन सच्ची दोस्ती का पता कभी नहीं बदलता। कुछ दोस्त हमारी हंसी में बसते हैं, कुछ हमारी खामोशी में, कुछ हमारे साथ चलते हैं और कुछ दूर रहकर भी हमेशा हमारे साथ होते हैं। उन्होंने कहा कि अगर जिंदगी एक लंबा सफर है तो दोस्त उसकी सबसे खूबसूरत मंजिल नहीं, बल्कि सबसे खूबसूरत साथी होते हैं।
जिंदगी में भरोसे का एहसास कायम रखती
फ्रेंडशिप डे की शुभकामनाएं देते हुए खेर ने कामना की कि हर व्यक्ति की जिंदगी में कम से कम एक ऐसा दोस्त जरूर हो, जो उसे यह एहसास दिलाए कि वह कभी अकेला नहीं है। उन्होंने अपने सभी दोस्तों का आभार जताते हुए कहा कि सच्ची दोस्ती इंसान को मजबूत बनाती है, सुकून देती है और जिंदगी में भरोसे का एहसास कायम रखती है।
वर्क फ्रंट की बात करें तो अनुपम खेर ने हाल ही में निर्देशक सूरज बड़जात्या की आगामी फिल्म 'ये प्रेम मोल लिया' की शूटिंग पूरी होने की जानकारी भी दी। उन्होंने इस फिल्म को बड़जात्या के साथ अपने लंबे सफर का एक और खूबसूरत अध्याय बताया और भारतीय पारिवारिक मूल्यों को पर्दे पर जीवंत रखने के लिए निर्देशक की सराहना की।

