पहले गटर शो बंद करो... सुनील पाल ने सलमान खान से लिया पंगा, बिग बॉस के कंटेंट पर उठाए सवाल
'बिग बॉस' में विवादित लोगों को क्यों मिलता है स्टारडम?: कॉमेडियन सुनील पाल
कॉमेडियन सुनील पाल एक बार फिर अपने बेबाक बयान को लेकर चर्चा में हैं। इस बार उनके निशाने पर बॉलीवुड सुपरस्टार सलमान खान और उनका रियलिटी शो ‘बिग बॉस’ है। मीडिया से बातचीत में सुनील पाल ने शो के कंटेंट और इसमें नजर आने वाले कंटेस्टेंट्स को लेकर कई सवाल खड़े किए। उन्होंने यहां तक कह दिया कि सलमान खान को लोगों को सलाह देने से पहले अपने शो के कंटेंट पर ध्यान देना चाहिए।
सलमान की बात पर सुनील पाल का पलटवार
दरअसल, ‘बिग बॉस 20’ के वीकेंड का वार में सलमान खान ने सोशल मीडिया ट्रोलिंग और बॉडी शेमिंग के मुद्दे पर बात की थी। उन्होंने ट्रोल्स को फटकार लगाते हुए कहा था कि किसी के लुक या काम को लेकर अपमानजनक टिप्पणी नहीं करनी चाहिए।
सलमान की इसी बात पर प्रतिक्रिया देते हुए सुनील पाल ने कहा कि दर्शकों और देश की जनता ने सलमान को स्टार बनाया है। उन्होंने कहा कि लोगों ने उनकी फिल्मों को प्यार दिया और इसी वजह से वह आज इतने बड़े स्टार हैं।
'पहले बिग बॉस बंद करिए'
सुनील पाल ने सलमान खान को संबोधित करते हुए कहा कि अगर लोगों को सलाह दी जा रही है तो पहले ‘बिग बॉस’ के कंटेंट पर भी ध्यान देना चाहिए। उन्होंने शो को ‘गटर शो’ तक कह दिया और आरोप लगाया कि इसमें विवादित लोगों को बड़ा मंच और लोकप्रियता मिलती है।
कॉमेडियन का कहना है कि शो में आने वाले कुछ कंटेस्टेंट्स अपने व्यवहार और विवादों के कारण चर्चा में रहते हैं। इसके बावजूद उन्हें ‘बिग बॉस’ के जरिए स्टारडम हासिल करने का मौका मिलता है। सुनील ने सवाल उठाया कि ऐसे कंटेंट का समाज पर क्या असर पड़ता है।
पहले भी टीवी शोज पर कर चुके हैं टिप्पणी
यह पहली बार नहीं है जब सुनील पाल ने किसी बड़े मनोरंजन शो या सेलिब्रिटी पर खुलकर अपनी राय रखी हो। इससे पहले भी वह ‘कौन बनेगा करोड़पति’ में कॉमेडियंस की मौजूदगी और कथित आपत्तिजनक भाषा को लेकर सवाल उठा चुके हैं।

