Epstein Files: जब जेफरी एप्स्टीन ने एलन मस्क को बताया, द्वीप का जेंडर रेशियो महिला साथी को कर सकता है असहज
Epstein Files:
Epstein Files: अमेरिकी न्याय विभाग (US Justice Department) द्वारा शुक्रवार को जेफरी एप्स्टीन से जुड़े जांच रिकॉर्ड के अतिरिक्त दस्तावेज जारी किए जाने के बाद, अरबपति एलन मस्क का नाम भी सामने आया है। ये दस्तावेज उस कानून के तहत जारी किए गए हैं, जिसका उद्देश्य यह उजागर करना है कि सरकार को एप्स्टीन द्वारा नाबालिग लड़कियों के यौन शोषण और उसके अमीर व प्रभावशाली लोगों से संबंधों के बारे में क्या जानकारी थी।
जारी ई-मेल्स के अनुसार टेस्ला के संस्थापक एलन मस्क ने कम से कम दो बार एप्स्टीन से संपर्क किया था। यह बातचीत कैरेबियाई द्वीप की संभावित यात्रा को लेकर थी, जहां कथित तौर पर कई यौन शोषण की घटनाएं हुई थीं।
2012 के एक ई-मेल में एप्स्टीन ने मस्क को अपने स्वामित्व वाले द्वीप लिटिल सेंट जेम्स (यूएस वर्जिन आइलैंड्स) पर आने का न्योता दिया था। उसने पूछा कि मस्क कितने लोगों को हेलीकॉप्टर से द्वीप तक लाना चाहेंगे।
यह भी पढ़ें: Epstein Files: जोहरान ममदानी की मां मीरा नायर का भी जिक्र, 5 बिंदुओं में जानिए पूरी कहानी
इसके जवाब में मस्क ने लिखा, “शायद सिर्फ तालुलाह और मैं,” यहां वह अपनी तत्कालीन साथी, ब्रिटिश अभिनेत्री तालुलाह राइली का जिक्र कर रहे थे। दस्तावेजों के मुताबिक, क्रिसमस डे 2012 को मस्क ने यह न्योता ठुकरा दिया। उन्होंने लिखा, “निमंत्रण के लिए धन्यवाद, लेकिन एक शांत द्वीप का अनुभव फिलहाल मेरी तलाश के बिल्कुल विपरीत है।”
यह भी पढ़ें: Epstein Files: एपस्टीन फाइल्स ने फिर मचाया हड़कंप, बिल गेट्स का रूसी महिलाओं से संबंध का जिक्र
मस्क ने यह भी कहा कि वह “मानसिक थकान की हद तक काम कर रहे हैं” और एप्स्टीन से पूछा कि क्या उसके यहां “कोई पार्टी प्लान की गई है।” इसके जवाब में एप्स्टीन ने कहा कि वह मस्क के फैसले को समझते हैं और यह भी जोड़ा कि “मेरे द्वीप पर जेंडर रेशियो” (यानी पुरुष-महिला अनुपात) मस्क की महिला साथी को असहज कर सकता है। हालांकि, उसने इस पर कोई और स्पष्ट जानकारी नहीं दी।
गौरतलब है कि एलन मस्क और तालुलाह राइली की शादी और तलाक दो-दो बार हुए थे और उनका रिश्ता काफी समय तक चर्चा में रहा। दस्तावेजों के अनुसार, दिसंबर 2013 में मस्क ने एक बार फिर एप्स्टीन से संपर्क किया। उन्होंने लिखा, “छुट्टियों के दौरान मैं BVI / सेंट बार्ट्स इलाके में रहूंगा। मिलने का सही समय बताइए। आपके द्वीप पर सबसे ‘वाइल्ड पार्टी’ किस दिन या रात को होगी?”
इस पर एप्स्टीन ने नए साल के बाद किसी समय आने का न्योता दिया। हालांकि, यह स्पष्ट नहीं है कि मस्क ने वास्तव में कभी उस द्वीप का दौरा किया या नहीं। एलन मस्क की कंपनियों टेस्ला और X के प्रवक्ताओं ने समाचार एजेंसियों की टिप्पणी मांगने पर तत्काल कोई प्रतिक्रिया नहीं दी।
मस्क पहले भी यह कह चुके हैं कि उन्होंने एप्स्टीन के निमंत्रण को कई बार ठुकराया। वर्ष 2025 में X पर एक पोस्ट में, जब अमेरिकी संसद के डेमोक्रेट सदस्यों ने एप्स्टीन का एक कैलेंडर जारी किया था, जिसमें मस्क की संभावित यात्रा का उल्लेख था, तब मस्क ने लिखा था, “एप्स्टीन ने मुझे अपने द्वीप पर बुलाने की कोशिश की थी और मैंने इनकार कर दिया था।” (एजेंसी के इनपुट के साथ)

