दिलजीत दोसांझ का बड़ा टूर शुरू, इन शहरों में सुनाई देंगे ‘गोट’ और ‘लवर’ जैसे हिट गाने
ऑरा इंडिया टूर 2026... सात शहरों में गूंजेगी पंजाबी स्टार दिलजीत दोसांझ की आवाज
पंजाबी गायक और अभिनेता दिलजीत दोसांझ अपने संगीत कार्यक्रमों की श्रृंखला ‘ऑरा इंडिया टूर 2026’ के साथ एक बार फिर देशभर के प्रशंसकों से रूबरू होने जा रहे हैं। नवंबर और दिसंबर में होने वाली इस यात्रा के दौरान दिलजीत देश के कई बड़े शहरों में प्रस्तुति देंगे।
यह दौरा दिल्ली-एनसीआर से शुरू होगा और इंदौर, अहमदाबाद, मुंबई, बेंगलुरु और लखनऊ तक पहुंचेगा। चंडीगढ़ भी इस यात्रा का हिस्सा होगा, हालांकि वहां कार्यक्रम की तारीख और अन्य जानकारी बाद में घोषित की जाएगी।
1 नवंबर से शुरू होगा दौरा
दिलजीत दोसांझ के ‘ऑरा इंडिया टूर 2026’ की शुरुआत 1 नवंबर को दिल्ली-एनसीआर से होगी। इसके बाद 15 नवंबर को इंदौर, 21 नवंबर को अहमदाबाद, 27 नवंबर को मुंबई, 29 नवंबर को बेंगलुरु और 5 दिसंबर को लखनऊ में उनके संगीत कार्यक्रम होंगे। चंडीगढ़ में होने वाले कार्यक्रम की तारीख की घोषणा अलग से की जाएगी। करीब छह सप्ताह तक चलने वाले इस दौरे में कुल सात शहर शामिल होंगे।
अहमदाबाद को पहले ही इस दौरे के प्रमुख पड़ाव के रूप में घोषित किया जा चुका है। यहां दिलजीत 21 नवंबर को नरेंद्र मोदी स्टेडियम में प्रस्तुति देंगे। इस कार्यक्रम को लेकर उनके प्रशंसकों में खासा उत्साह है।
6 अक्टूबर से शुरू होगी टिकटों की बिक्री
दौरे के टिकट बुकमायशो पर उपलब्ध होंगे। रुपे क्रेडिट कार्ड धारकों के लिए सीमित शुरुआती बिक्री 6 अक्टूबर को दोपहर 12 बजे से शुरू होगी। दिलजीत ने इस दौरे को लेकर खुशी जाहिर करते हुए कहा कि अपने देश में प्रस्तुति देने का अनुभव ही अलग होता है। उन्होंने कहा कि इस यात्रा के जरिए उन्हें एक बार फिर दिल्ली से इंदौर तक देश के अलग-अलग शहरों में अपने प्रशंसकों से मिलने का मौका मिल रहा है। उन्होंने कहा कि अब उनके शहरों में पहुंचने की बारी है और वह नवंबर-दिसंबर में प्रशंसकों के साथ जुड़ने के लिए बेहद उत्साहित हैं।
‘जी.ओ.ए.टी.’ से ‘लवर’ तक सुनने को मिलेंगे लोकप्रिय गाने
कार्यक्रम के दौरान दिलजीत अपने कई लोकप्रिय गानों से दर्शकों का मनोरंजन करेंगे। इनमें ‘जी.ओ.ए.टी.’, ‘इक्क कुड़ी’, ‘ललकारा’, ‘लवर’, ‘5 तारा’, ‘केस’ और ‘वॉटर’ जैसे चर्चित गाने शामिल हैं। इस दौरे का सह-निर्माण और प्रचार बुकमायशो लाइव तथा लाइव नेशन की ओर से किया जा रहा है।
विदेशों में भी मचा चुके हैं धूम
‘ऑरा’ यात्रा के अंतरराष्ट्रीय चरण के तहत दिलजीत दुनिया के कई बड़े मंचों पर प्रस्तुति दे चुके हैं। वह मैडिसन स्क्वायर गार्डन और वेम्बली स्टेडियम जैसे प्रतिष्ठित स्थानों पर भी कार्यक्रम कर चुके हैं। दिलजीत ऐसे पहले पंजाबी कलाकार हैं, जिन्होंने वेम्बली स्टेडियम में मुख्य प्रस्तुति दी और इसे पूरी तरह दर्शकों से भर दिया। अब अंतरराष्ट्रीय दौरे के बाद दिलजीत दोसांझ ‘ऑरा इंडिया टूर 2026’ के जरिए देश के अलग-अलग शहरों में अपने संगीत का रंग जमाने के लिए तैयार हैं।

