लियोनार्डो दा विंची को टक्कर... पायलट ने आसमान में उड़ते-उड़ते बना डाली Mona Lisa, वीडियो वायरल
प्लेन बना पेंटब्रश, आसमान बना कैनवास... अमेरिकी पायलट ने दो राज्यों के ऊपर बना डाली ‘मोना लिसा’
अगर आपको लगे कि आसमान में कोई विशाल ‘मोना लिसा’ नजर आ रही है, तो हैरान मत होइए। अमेरिका के एक पायलट ने अपनी उड़ान को ही पेंटब्रश बना दिया और हवा में उड़ते हुए लियोनार्डो दा विंची की मशहूर पेंटिंग ‘Mona Lisa’ की आकृति तैयार कर दी। उनकी यह अनोखी हवाई कलाकारी अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रही है।
दो राज्यों के ऊपर करीब 4 घंटे उड़ता रहा विमान
यह खास कलाकृति 18 सितंबर को ओक्लाहोमा और अर्कांसस के आसमान में तैयार की गई। पायलट ने अर्कांसस के बेंटनविले से उड़ान भरी और करीब चार घंटे तक हवा में अलग-अलग दिशा में विमान उड़ाते हुए ऐसा रूट बनाया, जिससे ऊपर से देखने पर मोना लिसा का चेहरा दिखाई देने लगा। AirNav Radar के 3D फ्लाइट-पाथ विज़ुअलाइजेशन में इस पूरी उड़ान का पैटर्न साफ नजर आता है। विमान की उड़ान जैसे-जैसे आगे बढ़ती गई, वैसे-वैसे आसमान पर बनी यह अनोखी तस्वीर आकार लेती गई।
🎨✈️ A pilot just turned the sky into a canvas — drawing the Mona Lisa with a flight path!
The incredible artwork appeared near the Oklahoma–Arkansas border, close to Tahlequah. 🇺🇸
Honestly, this might be one of the coolest flight paths we’ve ever tracked. 👀✈️ https://t.co/kkwC6hxWr0
— AirNav Radar (@AirNavRadar) September 18, 2026
Cessna R182 बना पायलट का ‘ब्रश’
इस कलाकृति को तैयार करने के लिए Cessna R182 Skylane RG विमान का इस्तेमाल किया गया। उड़ान के दौरान पायलट ने बेहद सावधानी से रास्ता तय किया, ताकि विमान की पूरी ट्रैकिंग मिलकर मोना लिसा की आकृति बना सके।
यह विमान बेंजामिन मैकडैनियल के नाम पर रजिस्टर्ड है। मैकडैनियल सिर्फ पायलट ही नहीं, बल्कि एक आर्टिस्ट भी हैं और आसमान में फ्लाइट रूट के जरिए अलग-अलग आकृतियां बनाने के लिए जाने जाते हैं।
सोशल मीडिया पर वायरल हुई ‘Sky Mona Lisa’
मैकडैनियल अपने इंस्टाग्राम अकाउंट @thepilotpicasso पर अपनी हवाई कलाकृतियों के विज़ुअलाइजेशन शेयर करते हैं। मोना लिसा की यह कलाकृति भी सामने आते ही सोशल मीडिया यूजर्स का ध्यान खींचने लगी।
आसमान में हजारों फीट ऊपर विमान की उड़ान से दुनिया की सबसे मशहूर पेंटिंग में से एक को दोबारा बनाने का यह आइडिया इंटरनेट पर लोगों को खासा पसंद आ रहा है। यानी इस बार कैनवास कोई कागज या दीवार नहीं, बल्कि दो राज्यों के ऊपर फैला आसमान था।

