आलिया का कुंदन चोकर और विक्की की जरदोजी शेरवानी, मनीष मल्होत्रा के फैशन शो में छाए; रैंप पर दिखी केमिस्ट्री
दोनों ने ट्रेडिशनल आउटफिट में रैंप वॉक कर महफिल लूट ली
डिजाइनर मनीष मल्होत्रा के मिजवान फंडरेजर फैशन के 15वें एनिवर्सरी एडिशन में शनिवार को बॉलीवुड सितारों का जलवा देखने को मिला। अभिनेत्री आलिया भट्ट और अभिनेता विक्की कौशल ने शोस्टॉपर बनकर रैंप पर अपनी शानदार मौजूदगी दर्ज कराई।
दोनों ने ट्रेडिशनल आउटफिट में रैंप वॉक कर महफिल लूट ली। यह फैशन शो ग्रामीण महिलाओं और उत्तर प्रदेश के युवा कारीगरों के हुनर को मंच देने के लिए आयोजित किया गया था। आलिया और विक्की की रैंप पर मस्ती और शानदार केमिस्ट्री ने भी लोगों का ध्यान खींचा। दोनों जल्द ही रणबीर कपूर के साथ संजय लीला भंसाली की फिल्म ‘लव एंड वॉर’ में नजर आएंगे।
आइवरी आउटफिट में दिखीं आलिया
आलिया भट्ट ने शो के लिए आइवरी कलर का खूबसूरत एथनिक आउटफिट चुना। उन्होंने मैचिंग कॉर्सेट ब्लाउज और स्कर्ट के साथ सिर पर व्हाइट फ्लोरल एंब्रॉयडरी वाला शीयर दुपट्टा कैरी किया। स्टेटमेंट कुंदन चोकर, मैचिंग मांग टीका और ट्रेडिशनल कंगनों ने उनके लुक को और खास बनाया। वहीं, विक्की कौशल डीप रॉयल ब्लू वेलवेट शेरवानी जैकेट में नजर आए। जैकेट पर हैवी व्हाइट फ्लोरल जरदोजी वर्क था, जिसे उन्होंने व्हाइट कॉलर वाले कुर्ते और मैचिंग ट्राउजर के साथ पेयर किया।
15 साल पूरे होने पर खास रहा शो
‘टिकट टू बॉलीवुड’ थीम पर आयोजित इस चैरिटी फैशन शो के जरिए मनीष मल्होत्रा और मिजवान वेलफेयर सोसाइटी के 15 साल के सहयोग का जश्न मनाया गया। यह संस्था उत्तर प्रदेश की ग्रामीण महिलाओं और युवा कारीगरों को पारंपरिक चिकनकारी कढ़ाई के जरिए रोजगार और मंच उपलब्ध कराने की दिशा में काम करती है।
कार्यक्रम में अभिनेत्री और सामाजिक कार्यकर्ता शबाना आजमी ने महिलाओं को सशक्त बनाने और युवा कारीगरों को वैश्विक मंच देने की जरूरत पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि संस्था ने ग्रामीण इलाकों में महिलाओं को निर्णय लेने की प्रक्रिया में आगे लाने और उनके आत्मविश्वास को मजबूत करने की दिशा में काम किया है।
विक्की बोले- ‘मनीष के कपड़ों में सबसे ज्यादा कॉन्फिडेंट महसूस करता हूं’
विक्की कौशल ने मिजवान फैशन शो का हिस्सा बनने पर खुशी जाहिर की। उन्होंने कहा कि वह पिछले 15 वर्षों से इस शो में शामिल होने का इंतजार कर रहे थे। विक्की ने मनीष मल्होत्रा के डिजाइन की तारीफ करते हुए कहा कि उनके बनाए कपड़े पहनकर वह खुद को सबसे ज्यादा कॉन्फिडेंट महसूस करते हैं। उन्होंने मिजवान वेलफेयर सोसाइटी के महिलाओं और बच्चियों को सशक्त बनाने के प्रयासों की भी सराहना की। विक्की ने उम्मीद जताई कि भविष्य में महिलाओं को सशक्त बनाने के लिए ऐसी संस्थाओं की जरूरत ही न पड़े और महिलाएं अपने परिवार, समाज और दुनिया से जुड़े फैसलों में बराबर भूमिका निभाएं।
आलिया ने बेटी और परिवार की महिलाओं का किया जिक्र
आलिया भट्ट ने भी कार्यक्रम में महिला सशक्तीकरण पर बात की। उन्होंने कहा कि वह खुद ऐसी महिलाओं से घिरी हुई हैं, जो उन्हें प्रेरित करती हैं। आलिया ने अपनी मां और सास की मौजूदगी का जिक्र करते हुए अपनी बेटी के बारे में भी मजेदार अंदाज में कहा कि वह सभी को अपने हिसाब से चलाती है और परिवार को यह पसंद है।
आलिया ने मिजवान के जरिए ग्रामीण महिलाओं और उनकी कला को वैश्विक मंच मिलने की सराहना की। उन्होंने कहा कि मिजवान के शो की यादें लंबे समय तक लोगों के साथ रहती हैं और यह महिला सशक्तीकरण को वास्तविक रूप में सामने लाने वाला मंच है।

