ताज का दीदार करने पहुंची विदेशी महिला पर्यटक की साड़ी खुली, महिला सिपाही ने संवारा पल्लू, कहा- 'थैंक्स'
एक महिला पर्यटक भारतीय परिधान साड़ी पहनकर आई थीं
Agra Tourist : आगरा में यूपी पुलिस की संवेदनशीलता और मददगार छवि की एक तस्वीर सामने आई है। ताजमहल का दीदार करने पहुंची अर्जेंटीना की एक महिला पर्यटक को साड़ी संभालने में परेशानी हुई तो ताज सुरक्षा पुलिस की महिला आरक्षी गुड्डी देवी ने आगे बढ़कर उनकी मदद की। मंगलवार सुबह करीब 7 बजे अर्जेंटीना के मैसी शहर से आए पर्यटकों का एक दल ताजमहल पहुंचा था। इस दल में शामिल एक महिला पर्यटक भारतीय परिधान साड़ी पहनकर आई थीं।
View this post on Instagram
साड़ी पहनने का अनुभव कम होने के कारण वह उसे संभालने में असहज महसूस कर रही थीं। महिला पर्यटक को परेशानी में देखकर ताज सुरक्षा पुलिस की क्विक रिस्पांस टीम में तैनात महिला आरक्षी गुड्डी देवी तुरंत उनके पास पहुंचीं और साड़ी को व्यवस्थित करने में सहायता की। पुलिसकर्मी की इस मदद से विदेशी पर्यटक काफी खुश हुईं और उन्होंने मुस्कुराते हुए “थैंक्स यूपी पुलिस” कहा।
पर्यटकों की सहायता के लिए ताज सुरक्षा पुलिस सक्रिय
थाना ताज सुरक्षा पुलिस के अनुसार, देश-विदेश से आने वाले पर्यटकों को सुरक्षित और बेहतर अनुभव देने के लिए पुलिसकर्मी लगातार सहायता कर रहे हैं। ताज सुरक्षा प्रभारी निरीक्षक तिलकराम भाटी ने पुलिस कर्मियों को ‘अतिथि देवो भवः’ और ‘वसुधैव कुटुंबकम’ की भावना के साथ पर्यटकों की मदद करने के निर्देश दिए हैं।
पुलिस का कहना है कि सेवा, सुरक्षा और संवेदना की भावना के साथ ताजमहल आने वाले पर्यटकों की मदद की जा रही है। पुलिस कर्मियों के इस व्यवहार की देश और विदेश में भी सराहना हो रही है। इस दौरान पुलिस टीम में उपनिरीक्षक शिवराज सिंह, मुख्य आरक्षी किरण पाल सिंह, आरक्षी दुर्गेश कुमार और महिला आरक्षी गुड्डी देवी शामिल रहीं।

