किसान की एक गलती पड़ी भारी, खेत में दबाए 5 लाख रुपये दीमक कर गए चट, वीडियो वायरल
बालोतरा के नेवाई गांव के मांगीलाल ने प्लॉट बेचकर मिले रुपये पॉलीथीन में रखकर खेत में गाड़ दिए थे, जगह भूल गए, बरसात में थैली मिली तो नोट कटे-फटे थे
नशे की लत और भूलने की बीमारी के कारण एक किसान ने अपनी बचत लगभग 5 लाख रुपये खेत में दबा दिए। जब उसे पैसों की जरूरत पड़ी तो उसने खेत की खुदाई शुरू कर दी, लेकिन वह भूल गया कि रुपये कहां गाड़े थे। जब एक साल बाद अचानक खेत में गड़े रुपये मिले तो उन्हें दीमक चट कर चुका था।
इसका वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। मामला राजस्थान के बालोतरा जिले के पचपदरा के पास नेवाई गांव का बताया जा रहा है। यहां रहने वाले किसान मांगीलाल मेघवाल ने करीब सालभर पहले पचपदरा में एक प्लॉट बेचा था। उससे उसे 5 लाख रुपये मिले थे। वह इन पैसों से खेत में कमरा बनाना चाहता था।
चोरी और बेटों द्वारा खर्च कर देने के डर से उसने एक रात 5 लाख रुपये पॉलीथीन की थैली में रखे और अपने 10 बीघा खेत में गड्ढा खोदकर दबा दिए। इस बारे में उसने परिवार को भी नहीं बताया।
💰 5 लाख रुपये जमीन में गाड़े… फिर भूल गए जगह!
राजस्थान के बालोतरा में किसान मांगीलाल मेघवाल ने चोरी और खर्च से बचाने के लिए जमीन बेचकर मिले करीब ₹5 लाख अपने 10 बीघे खेत में गाड़ दिए। लेकिन समय बीतने के साथ वह जगह ही भूल गए।
करीब एक साल बाद बारिश के बाद खेत में बुवाई करते समय… pic.twitter.com/V0erRxqKg4
— Aadil🇮🇳 (@AadilAnsari06) August 10, 2026
कुछ महीने बाद जब कमरा बनाने के लिए पैसों की जरूरत पड़ी तो मांगीलाल को वह जगह याद नहीं आई। काफी दिनों तक पूरे खेत में ढूंढा, लेकिन पैसे नहीं मिले। आखिर में उसने पत्नी और बेटों को बताया। सभी ने मिलकर तलाश की, लेकिन नाकाम रहे।
करीब एक साल बाद बरसात के बाद खेत की बुवाई के दौरान एक रात वह थैली अपने आप बाहर आ गई। रात में अंधेरे के कारण किसी का ध्यान नहीं गया। सुबह जब पत्नी और बेटा खेत में तारबंदी कर रहे थे, तब उन्हें कटी-फटी थैली मिली। थैली खोलते ही होश उड़ गए। अंदर 500-500 के नोट दीमक लगने से टुकड़े-टुकड़े हो चुके थे।
परिजन नोटों को लेकर पहले पचपदरा स्थित SBI बैंक पहुंचे, फिर बालोतरा की मुख्य शाखा गए। लेकिन नोटों की हालत खराब होने के कारण बैंक ने उन्हें बदलने से इनकार कर दिया।
अब परिजन मांगीलाल को कोस रहे हैं। दीमक लगे नोटों का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।

