3 दादियां, 1 दादा और एक बाइक… राजस्थानी अंदाज में रॉयल राइड का Video इंटरनेट पर छाया
Ajmer Viral Video: बाइक खुद एक बुजुर्ग महिला चला रही हैं, जबकि पीछे बैठे हैं 3 लोग
Ajmer Viral Video: सोशल मीडिया पर एक अनोखा वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है। दावा किया जा रहा है कि वीडियो राजस्थान का है। वीडियो में राजस्थानी पारंपरिक वेशभूषा पहने तीन बुजुर्ग महिलाएं और एक बुजुर्ग पुरुष एक ही बाइक पर सवार नजर आ रहे हैं। खास बात यह है कि बाइक खुद एक बुजुर्ग महिला चला रही हैं, जबकि पीछे एक बुजुर्ग पुरुष और दो अन्य महिलाएं बैठी दिख रही हैं।
वीडियो में सभी बुजुर्ग पारंपरिक राजस्थानी पोशाक लहंगा-ओढ़नी और साफा में नजर आते हैं। सड़क पर चलते इस अनोखे नजारे को देखकर राहगीर भी कुछ पल ठहरकर उन्हें देखते रह गए।
राजस्थान पत्रिका की रिपोर्ट के मुताबिक यह वीडियो अजमेर के आसपास का बताया जा रहा है। हालांकि वीडियो कब का है, इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं हो पाई है।
सोशल मीडिया पर ‘दादियों का बाइक धमाल’
वीडियो सामने आते ही इंस्टाग्राम, फेसबुक और व्हाट्सएप जैसे प्लेटफॉर्म पर तेजी से वायरल हो गया। यूजर्स इसे ‘राजस्थानी दादियों का बाइक स्टंट’ और ‘देसी स्वैग’ बताते हुए मजेदार कमेंट कर रहे हैं। कुछ लोगों ने लिखा, “उम्र सिर्फ एक नंबर है”, तो कुछ ने कहा- “राजस्थान की शान अलग ही है!”
सुरक्षा पर भी उठे सवाल
जहां एक ओर लोग इस वीडियो को मनोरंजक और दिलचस्प बता रहे हैं, वहीं कुछ यूजर्स ने सड़क सुरक्षा नियमों का हवाला देते हुए चिंता जताई है। उनका कहना है कि एक बाइक पर चार लोगों का सवार होना ट्रैफिक नियमों के खिलाफ और खतरनाक हो सकता है। फिलहाल यह वीडियो इंटरनेट पर चर्चा का विषय बना हुआ है। पारंपरिक वेशभूषा में बुजुर्गों का यह आत्मविश्वास और अंदाज़ लोगों को खूब आकर्षित कर रहा है।
View this post on Instagram

