Tribune
PT
Subscribe To Print Edition About the Dainik Tribune Code Of Ethics Advertise with us Classifieds Download App
Add Tribune As Your Trusted Source
search-icon-img
Advertisement

कैप्टन स्मित को दुनिया का सलाम

174 लोगों की जान बचाने वाले पायलट के साहस को पीएम मोदी, नेतन्याहू, ट्रंप समेत अनेक हस्ितयों ने सराहा

  • fb
  • twitter
  • whatsapp
  • whatsapp
featured-img featured-img
जांबाज पायलट के मददगार यात्री से मुलाकात करते इस्राइल के प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू। -रॉयटर्स
Advertisement

दुबई से तेल अवीव जा रही फ्लाईदुबई की उड़ान में कई लोगों की जान बचाने वाले भारतीय पायलट कैप्टन स्मित मच्छार के साहस और सूझबूझ की गूंज भारत से लेकर इस्राइल और अमेरिका तक सुनाई दे रही है। एक गंभीर संकट के बीच अदम्य साहस का परिचय देने वाले मच्छार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, इस्राइल के प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू, अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप समेत कई शीर्ष नेताओं ने ‘नायक’ बताते हुए उनकी बहादुरी को सलाम किया। प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि मच्छार ने असाधारण धैर्य, सूझबूझ और साहस का परिचय देकर एक बड़ी त्रासदी को टालने में अहम भूमिका निभाई। उन्होंने कहा कि उनके साहसिक कृत्य से हर भारतीय का सीना गर्व से चौड़ा हो गया है। उन्होंने कहा कि मच्छार एक नायक हैं और उन्होंने 9/11 जैसी बड़ी त्रासदी को टाल दिया। उन्होंने कहा कि पूरी दुनिया को मच्छार पर गर्व हो रहा है। उन्होंने कहा, ‘मैं सभी नागरिकों से अनुरोध करता हूं कि वे स्मित मच्छार के दीर्घायु और उत्तम स्वास्थ्य के लिए प्रार्थना करें।’

बेंजामिन नेतन्याहू ने कहा कि भारतीय पायलट कैप्टन स्मित मच्छार की असाधारण बहादुरी को मेरा सलाम। उन्होंने कहा कि मच्छार ने इस्राइली नागरिकों सहित 174 लोगों की जान बचाई। नेतन्याहू ने पायलट के शीघ्र और स्वस्थ होने की कामना करते हुए उन्हें ‘सच्चा नायक’ बताया। इस्राइल के राष्ट्रपति इसहाक हर्जोग, अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने भी पायलट को नायक बताया। भारतीय राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू, शीर्ष केंद्रीय मंत्रियों और मुख्यमंत्रियों व अन्य नेताओं ने पयालट की बहादुरी की सराहना की। इधर, गुजरात सरकार ने स्मित मच्छार को अदम्य बहादुरी के लिए ‘विशिष्ट गुजरात गरिमा पुरस्कार’ से सम्मानित करने की घोषणा की है।

Advertisement

तेजी से स्वस्थ्य हो रहे हैं पायलट

Advertisement

दुबई : यूएई स्थित भारतीय दूतावास ने कहा कि घायल भातीय पायलट मच्छार की स्वास्थ्य स्थिति बेहतर है और वह तेजी से ठीक हो रहे हैं। यूएई स्थित भारतीय दूतावास ने सोशल मीडिया पर एक पोस्ट में कहा कि भारत के राजदूत दीपक मित्तल ने अस्पताल जाकर कैप्टन मच्छार और उनके परिवार से मुलाकात की।

हमले की वजह अब भी रहस्य, कई देश जांच में जुटे

हमला करने वाले ओमानी सह-पायलट के मकसद का बृहस्पतिवार को भी पता नहीं चल सका। एक अधिकारी ने बताया कि संदिग्ध ओमान का नागरिक है और हिरासत में है। उन्होंने कहा कि सऊदी अरब के अधिकारी इस्राइल समेत कई देशों के साथ मिलकर हमले का मकसद पता लगाने की कोशिश कर रहे हैं। उधर, इस्राइल ने कहा कि वह आरोपी सह-पायलट के प्रत्यर्पण की मांग करेंगे। इस्राइल के पीएम नेतन्याहू ने कहा कि आरोपी को इस्लामी, कट्टरपंथी विचारधारा का पाठ पढ़ाया गया था।

इस्राइल ने भेज दिए थे लड़ाकू विमान

आपात संकेतों के बाद इस्राइल ने लड़ाकू विमानों को हवा में भेज दिया था। हालांकि, विमान के सुरक्षित उतर जाने के कारण उन्हें कार्रवाई नहीं करनी पड़ी। भारत में इस्राइल के राजदूत रूवेन अजार ने कहा कि पायलट की सूझबूझ व साहस से सब सही हो गया।

दोस्त बोले- बचपन से ही दिखती थी सूझबूझ

मुंबई : भारतीय पायलट कैप्टन स्मित मच्छार की बहादुरी की बृहस्पतिवार को मुंबई में उनके बचपन के दोस्त, पड़ोसियों ने सराहना की और उन्हें हीरो बताया। उनके बचपन के दोस्त प्रतीक गांधी ने कहा कि छोटी उम्र में भी वह विपरीत परिस्थितियों में सूझबूझ का परिचय देता था। उन्होंने कहा, ‘हमारी हाउसिंग सोसाइटी में वह सबसे सुलझा हुआ बच्चा था।’ मुंबई के घाटकोपर इलाके में मच्छार के परिवार के पड़ोसी और यूरोलॉजिस्ट जनित शाह ने कहा कि स्मित बहुत अच्छा और दयालु इंसान है तथा काफी परिपक्व व्यक्ति है। डॉक्टर ने कहा कि मच्छार तेजी से निर्णय लेने में माहिर हैं। वह पायलटों को प्रशिक्षण देते हैं और उनकी अपनी एक अकादमी भी है। उनके मुताबिक, ‘मसल मेमोरी’ ने चाकू से घायल होने के बाद भी स्थिति को संभालने और लोगों की जान बचाने में उनकी मदद की होगी। मच्छार के माता-पिता घाटकोपर स्थित स्वास्तिक हाइट्स में रहते हैं। हाउसिंग सोसाइटी के अध्यक्ष अशोक मकवाना और मच्छार के पिता उपेंद्र के करीबी मित्र लक्ष्मीकांत जोशी ने कहा कि वे परिवार को हरसंभव सहयोग दे रहे हैं।

Advertisement
×