White House Attack Plan: यूएफसी इवेंट पर हमले की साजिश का खुलासा, आठ आरोपियों पर हत्या और आतंकवाद के गंभीर आरोप
White House Attack Plan: अमेरिका के राष्ट्रपति के आधिकारिक आवास एवं कार्यालय 'व्हाइट हाउस' में जून में आयोजित 'यूएफसी केज-फाइटिंग' कार्यक्रम पर ड्रोन और स्नाइपर हमले की कथित साजिश में संलिप्तता को लेकर बृहस्पतिवार को आठ लोगों पर हत्या और...
White House Attack Plan: अमेरिका के राष्ट्रपति के आधिकारिक आवास एवं कार्यालय 'व्हाइट हाउस' में जून में आयोजित 'यूएफसी केज-फाइटिंग' कार्यक्रम पर ड्रोन और स्नाइपर हमले की कथित साजिश में संलिप्तता को लेकर बृहस्पतिवार को आठ लोगों पर हत्या और आतंकवाद संबंधी षड़यंत्र के आरोप लगाए गए।
यूएफसी द्वारा आयोजित इस मिश्रित मार्शल आर्ट्स मुकाबले में लड़ाकू एक लोहे की जाली से घिरे अष्टकोणीय पिंजरे के अंदर मुकाबले करते हैं। ओहायो में दायर अभियोग में सभी आठ आरोपियों पर दो अलग-अलग साजिशों का आरोप लगाया गया है।
पहला आरोप आतंकवादियों को सहायता उपलब्ध कराने की साजिश और दूसरा आरोप संघीय सरकारी क्षेत्र में हत्या करने एवं एक संघीय सरकारी अधिकारी की हत्या करने की साजिश है।
नए अभियोग के अनुसार, इस साजिश की शुरुआत मई में हुई थी, जब इस समूह ने धन, आग्नेयास्त्र, गोला-बारूद, बुलेटप्रूफ जैकेट, विस्फोटक, ड्रोन, चिकित्सा उपकरण, संचार उपकरण और अन्य सामान इकट्ठा करना शुरू किया।
कानून प्रवर्तन एजेंसियों को राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के यूएफसी केज-फाइटिंग कार्यक्रम पर संभावित खतरे की 10 जून को जानकारी मिली। यह मिश्रित मार्शल आर्ट्स कार्यक्रम 14 जून को आयोजित होना था।
अमेरिकी न्याय विभाग ने पिछले महीने यूएफसी कार्यक्रम पर कथित साजिश के संबंध में देश के अलग-अलग हिस्सों ओहायो, मिसौरी, वाशिंगटन, नेब्रास्का और कैलिफोर्निया में कई आपराधिक शिकायतों की घोषणा की थी।
बृहस्पतिवार को घोषित यह अभियोग सरकार की ओर से पूरे मामले को एक साथ जोड़कर ओहायो में एक ही मुकदमे के रूप में चलाने का प्रयास है। अधिकारियों ने बताया कि आरोपियों का उद्देश्य हमले के जरिए सरकार को अस्थिर करना था।
संघीय हलफनामे के अनुसार, आरोपियों में से एक ने जांचकर्ताओं को बताया कि उनकी योजना विस्फोटकों से लदे ड्रोन कार्यक्रम स्थल पर उड़ाने और उसके बाद भगदड़ मचने पर भाग रहे लोगों पर स्नाइपर से गोलीबारी करने की थी।

