बेरूत में इजराइल के हवाई हमलों में 112 लोगों की मौत, जवाब में ईरान ने होर्मुज बंद किया; अमेरिका ने की खोलने की मांग
बेरूत के कई हिस्सों में आसमान में धुएं का गुबार उठता दिखाई दिया
West Asia Conflict : ईरान के साथ युद्ध-विराम की घोषणा के कुछ घंटों बाद इजराइल ने बुधवार दोपहर बिना किसी चेतावनी के मध्य बेरूत के घनी आबादी वाले कई आवासीय और वाणिज्यिक क्षेत्रों पर हवाई हमले किए। लेबनान के स्वास्थ्य मंत्रालय ने बताया कि इन हमलों में कम से कम 112 लोगों की मौत हो गई और 800 से अधिक घायल हुए।
इस बीच, ईरान के सरकारी मीडिया की खबर में कहा गया कि तेहरान ने लेबनान पर इजराइली हमलों के जवाब में होर्मुज जलडमरूमध्य को फिर से बंद कर दिया है। वहीं अमेरिका ने ईरान से होर्मुज जलडमरूमध्य को तत्काल फिर से खोलने की मांग की है। ईरान के अर्धसैनिक बल रिवोल्यूशनरी गार्ड के एयरोस्पेस कमांडर जनरल सैयद माजिद मूसावी ने 'एक्स' पर पोस्ट किया कि लेबनान के प्रति आक्रामकता ईरान के प्रति आक्रामकता है। उन्होंने बिना विवरण दिए चेतावनी दी कि ईरानी सेनाएं "कड़ी प्रतिक्रिया" की तैयारी कर रही हैं।
इससे पहले, इजराइल ने लेबनान पर हमले के बाद कहा कि ईरान के साथ हुआ युद्ध-विराम समझौता लेबनान में तेहरान के समर्थन वाले उग्रवादी समूह हिजबुल्ला के साथ उसकी लड़ाई पर लागू नहीं होता।
वहीं, अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने भी एक समाचार चैनल से कहा कि लेबनानी उग्रवादी समूह हिजबुल्ला की वजह से लेबनान को युद्ध-विराम समझौते में शामिल नहीं किया गया गया है। उन्होंने लेबनान पर इजराइल के ताजा हमलों के बारे में पूछे जाने पर कहा कि "वह एक अलग लड़ाई है। हालांकि, समझौते में मध्यस्थता करने वाले पाकिस्तान ने पहले कहा था कि ईरान युद्ध में दो हफ्ते के युद्ध-विराम के तहत इजराइल अपने हमले रोक देगा।
इजराइली सेना ने मध्य बेरूत, दक्षिणी लेबनान और पूर्वी बेका घाटी में 10 मिनट के अंतराल में हिजबुल्ला के 100 से अधिक ठिकानों को निशाना बनाया। उसने इस कार्रवाई को मौजूदा युद्ध में सबसे बड़ा समन्वित हमला करार दिया। बेरूत के कई हिस्सों में आसमान में धुएं का गुबार उठता दिखाई दिया।

