US राष्ट्रपति ट्रंप का दावा- धमकी के बाद बातचीत को तैयार हुआ ईरान; अब तक हो चुकी 544 की मौत
Iran Protests News: अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने दावा किया है कि ईरान में प्रदर्शनकारियों पर बल प्रयोग को लेकर अमेरिका की कड़ी चेतावनी के बाद तेहरान ने अमेरिका से संपर्क किया है और बातचीत का प्रस्ताव रखा है। ट्रंप...
Iran Protests News: अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने दावा किया है कि ईरान में प्रदर्शनकारियों पर बल प्रयोग को लेकर अमेरिका की कड़ी चेतावनी के बाद तेहरान ने अमेरिका से संपर्क किया है और बातचीत का प्रस्ताव रखा है। ट्रंप के मुताबिक, उनका प्रशासन ईरान के साथ संभावित बैठक को लेकर बातचीत कर रहा है, हालांकि हालात बिगड़ने पर अमेरिका पहले कार्रवाई कर सकता है।
एयर फ़ोर्स वन में पत्रकारों से बातचीत के दौरान ट्रंप ने कहा कि ईरान में लगातार बढ़ रही मौतों और सरकार द्वारा प्रदर्शनकारियों की गिरफ्तारियों के चलते स्थिति बेहद गंभीर बनी हुई है। उन्होंने कहा, “मुझे लगता है कि वे अमेरिका से मार खा-खाकर थक चुके हैं। ईरान बातचीत करना चाहता है।”
यह भी पढ़ें: Venezuelan President: डोनाल्ड ट्रंप अब ‘वेनेजुएला के कार्यवाहक राष्ट्रपति’, सोशल मीडिया पोस्ट डाल खुद किया दावा
ईरान में मौतों का आंकड़ा 544 तक पहुंचा
मानवाधिकार कार्यकर्ताओं के अनुसार, ईरान में देशव्यापी विरोध प्रदर्शनों पर कार्रवाई के दौरान अब तक कम से कम 544 लोगों की मौत हो चुकी है और यह संख्या इससे कहीं अधिक हो सकती है। अमेरिका स्थित ‘ह्यूमन राइट्स एक्टिविस्ट्स न्यूज़ एजेंसी’ ने बताया कि बीते दो हफ्तों में 10,600 से ज्यादा लोगों को हिरासत में लिया गया है।
एजेंसी के अनुसार, मारे गए लोगों में 496 प्रदर्शनकारी और 48 सुरक्षाकर्मी शामिल हैं। हालांकि, ईरान में इंटरनेट सेवाएं बाधित होने और संचार माध्यमों पर रोक के कारण वास्तविक स्थिति का आकलन करना मुश्किल बना हुआ है। ‘एसोसिएटेड प्रेस’ स्वतंत्र रूप से इन आंकड़ों की पुष्टि नहीं कर सका है और ईरानी सरकार ने अब तक आधिकारिक हताहत आंकड़े जारी नहीं किए हैं।
अमेरिका और इस्राइल को ईरान की चेतावनी
इस बीच, तेहरान ने चेतावनी दी है कि यदि अमेरिका प्रदर्शनकारियों की रक्षा के नाम पर बल प्रयोग करता है, तो अमेरिकी सेना और इस्राइल को निशाना बनाया जाएगा। ईरान के कट्टरपंथी नेता और संसद अध्यक्ष मोहम्मद बाकर कालिबाफ ने संसद में भाषण के दौरान कहा कि ईरान पर किसी भी हमले की स्थिति में इस्राइल और क्षेत्र में मौजूद सभी अमेरिकी सैन्य ठिकाने और जहाज़ “वैध लक्ष्य” होंगे। उनके बयान के बाद संसद में “अमेरिका मुर्दाबाद” के नारे लगाए गए।
सैन्य और साइबर विकल्पों पर विचार
व्हाइट हाउस की आंतरिक चर्चाओं से परिचित सूत्रों के अनुसार, राष्ट्रपति ट्रंप और उनकी राष्ट्रीय सुरक्षा टीम ईरान के खिलाफ संभावित कदमों पर विचार कर रही है। इनमें साइबर हमले और अमेरिका या इस्राइल द्वारा सीधे सैन्य कार्रवाई जैसे विकल्प शामिल हैं।
ट्रंप ने रविवार रात कहा, “सेना इस पर विचार कर रही है और हम बहुत सख्त विकल्पों पर भी सोच रहे हैं।” ईरान की जवाबी धमकियों पर उन्होंने चेतावनी देते हुए कहा कि यदि ऐसा हुआ तो अमेरिका ऐसा जवाब देगा, “जो उन्होंने पहले कभी नहीं देखा होगा।”

