US News: इमिग्रेशन कार्रवाई के दौरान मिनियापोलिस में फेडरल एजेंट्स की गोलीबारी, अमेरिकी नागरिक की मौत
Federal Agents Shooting US: अमेरिका के मिनियापोलिस शहर में इमिग्रेशन प्रवर्तन अभियान के दौरान संघीय एजेंटों द्वारा की गई गोलीबारी में एक 37 वर्षीय व्यक्ति की मौत हो गई। मृतक मिनियापोलिस का निवासी और अमेरिकी नागरिक था। इस घटना के...
Federal Agents Shooting US: अमेरिका के मिनियापोलिस शहर में इमिग्रेशन प्रवर्तन अभियान के दौरान संघीय एजेंटों द्वारा की गई गोलीबारी में एक 37 वर्षीय व्यक्ति की मौत हो गई। मृतक मिनियापोलिस का निवासी और अमेरिकी नागरिक था। इस घटना के बाद शहर में विरोध प्रदर्शन तेज हो गए हैं और राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप से सशस्त्र फेडरल एजेंट्स को वापस बुलाने की मांग उठने लगी है।
मिनियापोलिस के पुलिस प्रमुख ब्रायन ओ’हारा ने शनिवार को पुष्टि की कि व्यक्ति को गोली लगने के बाद अस्पताल ले जाया गया, जहां उसकी मौत हो गई। उन्होंने कहा कि शुरुआती जानकारी के अनुसार मृतक वैध हथियार लाइसेंस धारक था और उसके पास हथियार रखने की अनुमति थी।
घटना उस समय हुई जब ट्रंप प्रशासन के निर्देश पर मिनियापोलिस में इमिग्रेशन छापों के तहत बड़ी संख्या में फेडरल एजेंट्स तैनात किए गए हैं। अल जजीरा के अनुसार, मिनेसोटा के गवर्नर टिम वॉल्ज़ ने इन कार्रवाइयों की कड़ी आलोचना करते हुए इसे “इमिग्रेशन प्रवर्तन से हटकर संगठित क्रूरता का अभियान” बताया।
सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे वीडियो में देखा जा सकता है कि कई फेडरल अधिकारी एक व्यक्ति को जमीन पर दबोचे हुए हैं, जिसके कुछ ही क्षण बाद गोलियों की आवाज़ सुनाई देती है। वहीं, होमलैंड सिक्योरिटी विभाग का दावा है कि बॉर्डर पेट्रोल एजेंट ने उस व्यक्ति को गोली मारी, जो कथित तौर पर हथियार के साथ था और आत्मसमर्पण नहीं कर रहा था।
हालांकि, एक अन्य वीडियो में व्यक्ति के हाथ में मोबाइल फोन दिखाई दे रहा है, जिससे घटना को लेकर कई सवाल खड़े हो गए हैं। इस गोलीबारी ने अमेरिका में इमिग्रेशन नीति और फेडरल एजेंसियों की कार्यशैली पर एक बार फिर बहस छेड़ दी है।

