कैरेबियन में अमेरिकी कार्रवाई, वेनेजुएला से जुड़े एक और तेल टैंकर पर कब्जा
ट्रंप प्रशासन का कहना है कि इस टैंकर का संबंध वेनेजुएला से है
अमेरिकी सेना ने कैरेबियन सागर में एक और तेल टैंकर को जब्त किया है। ट्रंप प्रशासन का कहना है कि इस टैंकर का संबंध वेनेजुएला से है। माना जा रहा है कि यह लातिन अमेरिकी देश के तेल भंडार पर नियंत्रण हासिल करने के लिए अमेरिका द्वारा व्यापक पैमाने पर की जा रही कोशिशों का हिस्सा है।
अमेरिका की गृह मंत्री क्रिस्टी नोएम ने आज सोशल मीडिया मंच पर एक पोस्ट में बताया कि मोटर टैंकर वेरोनिका पहले वेनेजुएला के जलक्षेत्र से गुजर चुका था। वह कैरेबियन में प्रतिबंधित जहाजों के लिए राष्ट्रपति ट्रंप द्वारा निर्धारित क्षेत्र का उल्लंघन कर रहा था। अमेरिकी सेना के दक्षिणी कमान ने सोशल मीडिया मंच पर जारी एक पोस्ट में कहा कि मरीन और नौसैनिकों ने विमानवाहक पोत यूएसएस गेराल्ड आर. फोर्ड से इस कार्रवाई को अंजाम दिया।
हालांकि, नोएम ने सोशल मीडिया पर दी गई जानकारी में बताया था कि पिछली जब्ती कार्रवाई की तरह ही, अमेरिकी तटरक्षक बल की एक सामरिक टीम ने टैंकर को अपने कब्जे में ले लिया। नोएम ने एक वीडियो भी साझा किया है, जिसमें दिखाई दे रहा है कि जहाज पर कब्जा किया जा रहा है।
श्वेत-श्याम इस फुटेज में दिखाई दे रहा है कि हेलीकॉप्टर एक व्यापारिक जहाज के डेक के ऊपर मंडराते हुए दिखाई दे रहे हैं, जबकि सशस्त्र सैनिक रस्सी के सहारे डेक पर उतर रहे हैं। वेरोनिका छठा टैंकर है जिसे अमेरिकी सेना ने राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप द्वारा वेनेजुएला के तेल उत्पादों के उत्पादन, शोधन और वैश्विक वितरण को नियंत्रित करने के प्रयास के तहत जब्त किया है।

