Iran Israel Conflict : 'बीबी, तुम्हें सावधान रहने की जरूरत है': ईरान पर हमले को लेकर ट्रंप ने नेतन्याहू को दी चेतावनी
अमेरिकी राष्ट्रपति की शांति अपील का असर, कच्चे तेल की कीमतों में आई गिरावट
ran Israel Conflict : अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की अपील के बाद ईरान और इजरायल ने सोमवार को एक-दूसरे पर हमले रोक दिए हैं। हालांकि, तेहरान ने साफ किया है कि यदि इजरायल ने लेबनान में हिजबुल्लाह पर हमले जारी रखे, तो वह भी अपना सैन्य अभियान दोबारा शुरू कर देगा। इस शांति अपील के बाद कच्चे तेल की कीमतों में आया 5 प्रतिशत का उछाल भी कम हो गया है। साथ ही डॉलर भी करीब दो महीने के अपने उच्चतम स्तर से नीचे आ गया है।
नेतन्याहू को अकेले पड़ने की चेतावनी
ट्रंप ने इजरायली प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू को चेतावनी देते हुए कहा है कि यदि वे ईरान के साथ फिर से युद्ध की ओर बढ़ते हैं, तो उन्हें अकेले ही लड़ना पड़ सकता है। एक साक्षात्कार में ट्रंप ने कहा, 'मैंने बीबी से कहा है कि तुम्हें सावधान रहने की जरूरत है, वरना तुम बहुत जल्द अकेले पड़ जाओगे।' ट्रंप ने सोशल मीडिया पर यह भी जानकारी दी कि दोनों पक्ष युद्धविराम चाहते हैं और शांति के लिए अंतिम चरण की वार्ता चल रही है। उधर, अमेरिका में इजरायल के राजदूत येचिएल लीटर ने ट्रंप के दबाव की बात को खारिज करते हुए कहा कि दोनों नेताओं के बीच 40 साल पुरानी दोस्ती है और कभी-कभी बातचीत में गर्माहट आ जाती है।
मिसाइल हमलों से बढ़ा था तनाव
रविवार देर रात ईरान ने लेबनान में हिजबुल्लाह पर हुए हमलों के जवाब में इजरायल पर मिसाइलें दागी थीं। इसके बाद इजरायल ने भी ईरान के एयर डिफेंस सिस्टम और बैलिस्टिक मिसाइल बनाने वाले एक पेट्रोकेमिकल प्लांट पर जवाबी कार्रवाई की। ईरान के इस्लामिक रिवोल्यूशनरी गार्ड कॉर्प्स ने दावा किया कि उसने भी हाइफा शहर में ऐसे ही एक इजरायली प्लांट को निशाना बनाया है। हालांकि, दोनों ओर से किसी जानमाल के नुकसान की सूचना नहीं मिली है।
लाल सागर में हूतियों की धमकी
इस बीच यमन के ईरान समर्थित हूती विद्रोहियों ने लाल सागर में इजरायली जहाजों को रोकने की चेतावनी दी है और इजरायल पर मिसाइल दागने का भी दावा किया है। दूसरी ओर, इजरायल ने लेबनान में अपना सैन्य अभियान नहीं रोका है। इजरायल का तर्क है कि इसे अमेरिका और ईरान के बीच किसी भी संभावित युद्धविराम से अलग रखा जाना चाहिए। ईरान की मांग है कि किसी भी शांति समझौते के तहत अंतरराष्ट्रीय प्रतिबंध हटाए जाएं और होर्मुज जलडमरूमध्य पर उसका नियंत्रण स्वीकार किया जाए।
