Trump Tariff : टैरिफ पर सख्त ट्रंप ने फिर दी चेतावनी- ‘खेल’ करने वालों को चुकानी होगी भारी कीमत
ट्रंप ने पिछले वर्ष आपातकालीन शक्तियों संबंधी एक कानून के तहत व्यापक शुल्क लगाए थे
Trump Tariff : अमेरिका में टैरिफ को लेकर चल रही कानूनी और राजनीतिक बहस के बीच राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने कड़ा रुख अपनाया है। सोमवार को उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ट्रूथ पर स्पष्ट चेतावनी जारी करते हुए कहा कि यदि कोई देश टैरिफ के मसले पर “खेल” खेलने की कोशिश करेगा तो उस पर पहले से भी अधिक शुल्क लगाया जाएगा।
अमेरिकी राष्ट्रपति ने चेतावनी दी है कि जिन्होंने वर्षों और दशकों तक अमेरिका को लूटा है ऐसे देशों पर पहले से ही ज्यादा टैरिफ लगाया जाएगा। इससे भी खतरनाक यह होगा कि ऐसे देशों पर ट्रेड डील के तहत तो टैरिफ तय किया गया है उससे भी ज्यादा टैरिफ लगाया जाएगा।
बता दें कि, ट्रंप ने सभी देशों से आयात पर आधारभूत शुल्क 15 प्रतिशत करने की घोषणा की है। यह फैसला शुक्रवार को आए सुप्रीम कोर्ट के ऐतिहासिक निर्णय के बाद लिया गया, जिसमें सर्वोच्च अदालत ने आपातकालीन शक्तियों के तहत लगाए गए व्यापक "पारस्परिक शुल्क" को अवैध करार दिया।
ट्रंप ने पिछले वर्ष आपातकालीन शक्तियों संबंधी एक कानून के तहत व्यापक शुल्क लगाए थे, लेकिन अदालत ने कहा कि यह कानून उन्हें ऐसा करने की अनुमति नहीं देता। फैसले के बाद ट्रंप ने सुप्रीम कोर्ट के न्यायाधीशों की आलोचना करते हुए डेमोक्रेटिक जजों को "राष्ट्र के लिए शर्म" बताया। उन्होंने कुछ रूढ़िवादी जजों के फैसले पर भी नाराजगी जताई।

