Train accident in Spain: दक्षिणी स्पेन में भीषण रेल हादसा, दो ट्रेनों की टक्कर में 39 की मौत, कई घायल
Train accident in Spain: घायलों को इलाज के लिए छह अलग-अलग अस्पतालों में भर्ती कराया गया
Train accident in Spain: दक्षिणी स्पेन में एक दर्दनाक रेल हादसे में कम से कम 39 लोगों की मौत हो गई, जबकि कई यात्री घायल हो गए। यह हादसा उस समय हुआ जब एक तेज रफ्तार ट्रेन पटरी से उतरकर विपरीत दिशा से आ रही दूसरी ट्रेन से टकरा गई।
स्पेन के परिवहन मंत्री ऑस्कर पुएंते ने हादसे की पुष्टि करते हुए बताया कि मृतकों की संख्या बढ़ सकती है। उन्होंने कहा कि दुर्घटना के कारणों की जांच की जा रही है।
कैसे हुआ हादसा
रेल संचालन एजेंसी एडिफ (Adif) के अनुसार, मलागा से मैड्रिड जा रही निजी कंपनी ‘इर्यो’ की ट्रेन, जिसमें करीब 300 यात्री सवार थे, शाम करीब 7:45 बजे कॉर्डोबा के पास पटरी से उतर गई और दूसरी पटरी पर चली गई। इसी दौरान वह मैड्रिड से हुएल्वा जा रही स्पेन की सरकारी ट्रेन कंपनी ‘रेनफे’ की ट्रेन से टकरा गई, जिसमें लगभग 200 यात्री सवार थे।
बचाव अभियान जारी
हादसे के तुरंत बाद राहत और बचाव अभियान चलाया गया। यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकाला गया और घायलों को इलाज के लिए छह अलग-अलग अस्पतालों में भर्ती कराया गया है। अंडालूसिया के क्षेत्रीय स्वास्थ्य प्रमुख एंटोनियो सैन्ज़ ने बताया कि घायलों की स्थिति पर नजर रखी जा रही है।
हादसे पर प्रतिक्रियाएं
परिवहन मंत्री पुएंते ने इस दुर्घटना को दुर्लभ घटना बताया, क्योंकि यह हादसा रेल पटरी के उस समतल हिस्से पर हुआ, जिसकी हाल ही में मई महीने में मरम्मत की गई थी। वहीं, हादसे में शामिल निजी कंपनी ‘इर्यो’ ने बयान जारी कर कहा कि उसे इस घटना पर गहरा दुख है और वह हालात से निपटने के लिए प्रशासन के साथ पूरा सहयोग कर रही है।
यूरोपीय आयोग की अध्यक्ष उर्सुला वॉन डेर लेयेन ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर कॉर्डोबा से आ रही “भयानक खबरों” पर दुख जताते हुए स्पेनिश भाषा में लिखा,
“मेरी संवेदनाएं आपके साथ हैं।”

