ज्ञानेश कुमार के खिलाफ मुंबई और दिल्ली में प्रदर्शन
कॉकरोच पार्टी को नसीरुद्दीन शाह का समर्थन जंतर-मंतर के पास 700 हिरासत में
मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग को लेकर शुक्रवार को दिल्ली और मुंबई में जोरदार प्रदर्शन हुआ। मुंबई के शिवाजी पार्क में ‘कॉकरोच जनता पार्टी’ (कॉजपा) के प्रदर्शन में हजारों लोग जुटे। पुलिस द्वारा प्रदर्शन की अनुमति नहीं दिए जाने के बावजूद नारे लिखी तख्तियां और तिरंगा लिए बड़ी संख्या में युवा पहुंचे। अभिनेता नसीरुद्दीन शाह भी प्रदर्शन स्थल पर मौजूद थे। शिवसेना (उबाठा) और महाराष्ट्र नवनिर्माण सेना (मनसे) ने कॉजपा के आंदोलन को समर्थन दिया। इस दौरान शिवाजी पार्क के आसपास बड़ी संख्या में सुरक्षाकर्मी तैनात रहे और प्रमुख मार्गों पर व्यापक स्तर पर बैरिकेड लगाए गए। इस बीच, स्थानीय निवासियों ने प्रदर्शन का कड़ा विरोध करते हुए कहा कि उनके इलाके की शांति और रोजमर्रा की जिंदगी प्रभावित हो रही है।
इधर, दिल्ली में विपक्षी दल और विभिन्न छात्र संगठन सड़कों पर उतरे। इस दौरान दिल्ली पुलिस ने पूर्व मुख्यमंत्री आतिशी, आप नेता सौरभ भारद्वाज, संजीव झा अौर छात्र संगठनों के नेताओं समेत 700 से अधिक प्रदर्शनकारियों को जंतर-मंतर एवं आसपास के कई स्थानों से हिरासत में ले लिया। प्रदर्शन स्थल पर निषेधाज्ञा लागू कर दी गई। इंटरनेट सेवाएं भी निलंबित कर दी गईं। वहीं, दिल्ली मेट्रो ने 12 स्टेशनों को अस्थायी रूप से बंद कर दिया।

