Pak-Afghanistan Conflict : अफगानिस्तान संग ‘खुली जंग’ का ऐलान, पाक रक्षा मंत्री बोले- अब होगा 'दमा दम मस्त कलंदर'
हवाई हमलों में 130 से अधिक तालिबान लड़ाकों को मार गिराया
Pakistan-Afghanistan Conflict : पाकिस्तान ने शुक्रवार को कहा कि अफगानिस्तान के खिलाफ अब ''खुली जंग'' जारी है। उसकी सेनाओं ने काबुल, कंधार और पक्तिया में हवाई हमलों में 130 से अधिक तालिबान लड़ाकों को मार गिराया।
पाकिस्तान द्वारा ये हमले अफगान तालिबान के सीमा पार हमले के जवाब में किए गए। दोनों देशों के बीच 2,611 किलोमीटर लंबी सीमा को 'डूरंड रेखा' कहा जाता है, जिसे अफगानिस्तान औपचारिक रूप से मान्यता नहीं देता। पाकिस्तान के रक्षा मंत्री ख्वाजा आसिफ ने कहा कि ''हमारे देश का धैर्य अब जवाब दे चुका है'' और अब अफगानिस्तान के खिलाफ ''खुली जंग'' जारी है।
आसिफ ने 'एक्स' पर कहा कि अब होगा 'दमा दम मस्त कलंदर'। पाकिस्तान की सेना समुद्र पार से नहीं आई है। हम आपके पड़ोसी हैं; हम आपके हर कोने से वाकिफ हैं। पाकिस्तानी सेना द्वारा देर रात 'ऑपरेशन गजब-लिल-हक' के तहत अफगानिस्तान में कई स्थानों पर हमले शुरू करने के कुछ घंटों बाद उनकी यह टिप्पणी आई। पाकिस्तानी सेना ने दावा किया है कि सीमा पार से ''बिना उकसावे के गोलीबारी'' के जवाब में पाकिस्तानी सेना ने ये हमले किए थे।
'दमा दम मस्त कलंदर' सिंधी सूफी संत लाल शहबाज कलंदर से जुड़ा एक आध्यात्मिक गीत है। 'टोलो न्यूज' की खबर के अनुसार, अफगानिस्तान के रक्षा मंत्रालय ने एक बयान में कहा कि 'डूरंड रेखा' के पास अफगान बलों द्वारा की गई जवाबी कार्रवाई में पाकिस्तान के 55 सैनिक मारे गए।
मंत्रालय ने कहा कि अभियान के दौरान, अफगान बलों ने पाकिस्तान सेना सेना के दो मुख्यालय और 19 चौकियों पर कब्जा कर लिया। पाकिस्तान के उप प्रधानमंत्री एवं विदेश मंत्री इस्हाक डार ने मौजूदा स्थिति पर विचारों का आदान-प्रदान करने के लिए तुर्किये और सऊदी अरब के अपने समकक्षों के साथ टेलीफोन पर बातचीत की।

