MP दीपेंद्र हुड्डा बोले- दादरी-भिवानी के सूखा प्रभावित इलाकों को तुरंत राहत दे हरियाणा सरकार
बाढड़ा में कांग्रेस कार्यकर्ता सम्मेलन में बोले सांसद- खराब फसलों की स्पेशल गिरदावरी कराकर किसानों को तत्काल मुआवजा दे सरकार
कांग्रेस सांसद दीपेंद्र हुड्डा ने दादरी-भिवानी समेत हरियाणा के सूखा प्रभावित इलाकों के किसानों को तत्काल आपदा राहत देने की मांग की है। बाढड़ा ब्लॉक कांग्रेस कार्यकर्ता सम्मेलन में मुख्य अतिथि के रूप में पहुंचे हुड्डा ने कहा कि खराब फसलों के नुकसान की भरपाई के लिए सरकार को तुरंत स्पेशल गिरदावरी करवाकर किसानों को मुआवजा देना चाहिए।
हुड्डा ने आरोप लगाया कि प्रदेश में किसानों को अपने हक के मुआवजे के लिए भी संघर्ष करना पड़ रहा है। उन्होंने कहा कि मौसम की मार से प्रभावित किसानों को तत्काल आर्थिक मदद की जरूरत है और सरकार को इस मामले में देरी नहीं करनी चाहिए।
किसान और युवा सरकार से परेशान : हुड्डा
सांसद ने भाजपा सरकार पर किसान और युवा विरोधी होने का आरोप लगाते हुए कहा कि चुनाव के दौरान किए गए अनेक वादे अब तक पूरे नहीं हुए हैं। उन्होंने दावा किया कि युवाओं की पक्की नौकरियों को हरियाणा कौशल रोजगार निगम (HKRN) के तहत लाकर उनके अधिकारों को छीना जा रहा है।
उन्होंने कहा कि चुनावी रैलियों में की गई घोषणाओं को 400 दिन से अधिक समय बीतने के बावजूद धरातल पर काम नहीं हुआ है। प्रदेश की जनता महंगाई और दूसरी समस्याओं से परेशान है, जबकि सत्ताधारी नेता कॉलोनियां काटने में व्यस्त हैं।
मेरठ से राजस्थान सीमा तक फोरलेन का मुद्दा संसद में उठाया
दीपेंद्र हुड्डा ने मेरठ-सोनीपत-झज्जर-दादरी-बाढड़ा होते हुए राजस्थान सीमा तक प्रस्तावित फोरलेन मार्ग का मुद्दा संसद में उठाने की जानकारी भी दी। उन्होंने कहा कि झज्जर से आगे बाढड़ा-लोहारू तक फोरलेन सड़क के निर्माण को लेकर संबंधित मंत्रालय से सकारात्मक आश्वासन मिला है।
हुड्डा के अनुसार यह महत्वपूर्ण हाईवे वर्ष 2013 में कांग्रेस शासन के दौरान मंजूर हुआ था, लेकिन वर्तमान सरकार के कार्यकाल में झज्जर के पास इसका काम अटका हुआ है। उन्होंने सरकार से इस परियोजना को जल्द आगे बढ़ाने की मांग की। उन्होंने कहा कि क्षेत्र के विकास, किसानों की समस्याओं और युवाओं के रोजगार जैसे मुद्दों को कांग्रेस लगातार उठाती रहेगी।

