Kohat Blast : पाकिस्तान में नमाज पढ़ रहे थे लोग, तभी मस्जिद में हुआ जोरदार धमाका; 21 लोगों की मौत
हमलावर ने विस्फोटकों से लदी एक गाड़ी को मस्जिद परिसर में घुसा दिया
पाकिस्तान के कोहाट जिले में पुलिस लाइन के निकट स्थित एक मस्जिद में जुमे की नमाज के दौरान शुक्रवार को हुए आत्मघाती विस्फोट में कम से कम 16 लोगों की मौत हो गई। 78 लोग घायल हो गए। अधिकारियों ने बताया कि विस्फोट खैबर पख्तूनख्वा की राजधानी पेशावर से लगभग 60 किलोमीटर दक्षिण-पश्चिम में कोहाट जिले में स्थित पुरानी पुलिस लाइन के निकट बनी मस्जिद में हुआ।
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, एक हमलावर ने विस्फोटकों से लदी एक गाड़ी को मस्जिद परिसर में घुसा दिया, जिसके बाद हथियारबंद आतंकवादियों के साथ गोलीबारी हुई। प्रांतीय पुलिस प्रमुख जुल्फिकार हमीद ने कहा कि खैबर पख्तूनख्वा प्रांत में कोहाट पुलिस लाइन की मस्जिद में जुमे की नमाज के दौरान हुए आत्मघाती विस्फोट में कम से कम 21 लोगों की मौत हो गई।
हमले में मारे गए लोगों में पांच पुलिसकर्मी और 11 आम नागरिक शामिल हैं। गाड़ी को गेट से टकराया गया और फिर उसमें विस्फोट हो गया। इसके बाद गोलीबारी भी हुई। आतंकवादियों के साथ गोलीबारी के दौरान विशेष शाखा की इमारत में एक और आत्मघाती विस्फोट हुआ। एक आतंकवादी संगठन इत्तेहाद-उल-मुजाहिदीन पाकिस्तान ने इस हमले की जिम्मेदारी ली है। यह संगठन हाफिज गुल बहादुर समूह, हरकत इंकलाब-ए-इस्लामी पाकिस्तान और लश्कर-ए-इस्लाम का गठबंधन है, जिसका गठन अप्रैल 2025 में किया गया था।
समाचार चैनल 'जियो न्यूज' ने जिला मुख्यालय अस्पताल के एमएस ताहिर अली शाह के हवाले से अपनी खबर में बताया कि विस्फोट के बाद अस्पताल में 15 शव लाए गए जबकि 50 से अधिक घायलों को भर्ती कराया गया। पुलिस ने बताया कि घायलों में से ज्यादातर नमाजी थे। विस्फोट से मस्जिद के बाहर गड्ढा हो गया। 'रेस्क्यू 1122 खैबर पख्तूनख्वा' के प्रवक्ता बिलाल अहमद फैजी के अनुसार, सूचना मिलने के तुरंत बाद बचाव दल घटनास्थल पर पहुंच गए और उन्होंने राहत एवं बचाव अभियान शुरू किया।
घायलों में से कई लोगों को प्रारंभिक इलाज के लिए नजदीकी अस्पतालों में ले जाया गया। प्रवक्ता ने कहा कि बचाव दल घटनास्थल पर मौजूद हैं और स्थिति का आकलन कर रहे हैं। राष्ट्रपति आसिफ अली जरदारी और प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ ने इस घटना की निंदा की है और कहा कि विदेशी प्रायोजित आतंकवादियों का पूरी तरह से खात्मा ''राष्ट्रीय सुरक्षा के लिए आवश्यक'' है। 'रेडियो पाकिस्तान' की खबर के अनुसार शरीफ ने संबंधित अधिकारियों से इस घटना पर रिपोर्ट भी मांगी। उन्होंने अधिकारियों को राहत कार्यों में तेजी लाने का निर्देश दिया।

