Israel-Hamas War : हमास के हमले की पहले ही मिल गई थी खबर? नेतन्याहू को UAE राष्ट्रपति ने किया था अलर्ट
जायद ने हमले से 10 दिन पहले नेतन्याहू से बात की थी
Israel-Hamas War : संयुक्त अरब अमीरात (यूएई) के राष्ट्रपति ने इजराइली प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू को सात अक्टूबर 2023 को हुए हमले से कई दिन पहले ही आगाह कर दिया था कि हमास इजराइल पर एक बड़े हमले की योजना बना रहा है। इजराइली अखबार, 'हारेत्ज' के अनुसार, यूएई के राष्ट्रपति मोहम्मद बिन जायद ने हमले से 10 दिन पहले नेतन्याहू से बात की थी।
उस समय गाजा में हमास के नेता रहे याह्या सिनवार द्वारा इजराइल पर हमले की योजना बनाए जाने की सूचना दी थी। अखबार की खबर के अनुसार, बिन जायद ने कहा था कि इससे खून-खराबा हो सकता है, क्षेत्र में अस्थिरता आ सकती है और 'अब्राहम समझौता' कमजोर पड़ सकता है। नेतन्याहू ने ''काफी शांत प्रतिक्रिया दी''। उन्होंने बिन जायद से कहा कि इजराइल किसी भी स्थिति के लिए तैयार है और हमले की आशंका कब्ज़े वाले वेस्ट बैंक से अधिक है।
जारी लड़ाइयों में सैकड़ों इजराइली मारे गए
हमास के उग्रवादियों ने सात अक्टूबर के हमले में करीब 1,200 इजराइली लोगों को मार डाला था और 251 लोगों को बंधक बना लिया था। गाजा, लेबनान और ईरान में जारी लड़ाइयों में सैकड़ों इजराइली मारे गए हैं, जिनमें अधिकतर सैनिक हैं। 'हारेत्ज' की खबर के अनुसार, नेतन्याहू के कार्यालय ने इस खबर को ''सरासर झूठ'' बताया और कहा कि नेतन्याहू ने ''उस दौरान'' यूएई के राष्ट्रपति से कोई बात नहीं की तथा न ही उनसे कोई चेतावनी मिली।
नेतन्याहू ने सात अक्टूबर के हमले से जुड़ी घटनाओं की आधिकारिक जांच की मांग को खारिज कर दिया है। उनके कार्यालय ने टिप्पणी के अनुरोध का कोई जवाब नहीं दिया। यूएई के विदेश मंत्रालय ने भी टिप्पणी के अनुरोधों का तुरंत कोई जवाब नहीं दिया।

