Iran War: शिपिंग पर नए हमले, होर्मुज जलडमरूमध्य बंद रखने पर अड़ा ईरान
अमेरिका-हूतियों ने अलग-अलग जहाजों को बनाया निशाना, लाल सागर में कार्गो जहाज पर हमले में चार चालक दल सदस्यों की मौत; तेल की कीमतें चढ़ीं
ईरान युद्ध खत्म करने को लेकर अमेरिका और तेहरान के बीच बातचीत एक बार फिर गतिरोध में फंसती नजर आ रही है। इसी बीच मंगलवार को समुद्री मार्गों पर दो अलग-अलग हमलों की खबरों ने तनाव और बढ़ा दिया। यमन के ईरान समर्थित हूतियों और अमेरिकी सेना ने शिपिंग को निशाना बनाए जाने की पुष्टि की है। महत्वपूर्ण समुद्री मार्गों पर बढ़ते खतरे के बीच कच्चे तेल की कीमतों में तेजी आई और वैश्विक शेयर बाजारों में गिरावट दर्ज की गई।
ब्रेंट क्रूड की कीमत 1.4 प्रतिशत बढ़कर 88.91 डॉलर प्रति बैरल पर पहुंच गई, जबकि अमेरिकी क्रूड 1.3 प्रतिशत चढ़कर 83.20 डॉलर प्रति बैरल पर बंद हुआ।
लाल सागर में जहाज पर हमला, छह की मौत
यमन के परिवहन मंत्रालय के अनुसार, लाल सागर के दक्षिणी छोर पर बाब-अल-मंदेब जलडमरूमध्य में एक छोटे कार्गो जहाज पर संदिग्ध हूती हमले में चार चालक दल सदस्यों की मौत हो गई। यमन के तटरक्षक बल के मुताबिक, हूती विरोधी सैन्य समूह के दो यमनी बचावकर्मी भी मारे गए।
मृतक चालक दल के सदस्य मिस्र के स्वामित्व वाले ‘तिहामा’ जहाज पर सवार थे। ईरान युद्ध शुरू होने के बाद हूतियों के हमले में किसी जहाज के चालक दल की मौत का यह पहला मामला बताया जा रहा है।
हूती संचालित समाचार एजेंसी ‘सबा’ ने दावा किया कि समूह ने बाब-अल-मंदेब में सैन्य उपकरण ले जा रहे एक सऊदी जहाज को निशाना बनाया। हालांकि जहाज का नाम नहीं बताया गया और सऊदी अरब की ओर से तत्काल कोई प्रतिक्रिया नहीं आई।
अमेरिकी हेलीकॉप्टर ने कार्गो जहाज को रोका
उधर, अमेरिकी सेना ने बताया कि अमेरिकी नौसेना के एमएच-60 हेलीकॉप्टर ने पनामा के झंडे वाले एक कार्गो जहाज के स्टीयरिंग सिस्टम को निष्क्रिय करने के लिए दो हेलफायर मिसाइलें दागीं। अमेरिकी सेंट्रल कमांड के अनुसार, जहाज ने ईरानी बंदरगाहों पर लागू नौसैनिक नाकाबंदी का उल्लंघन किया और बार-बार चेतावनी के बावजूद रुकने से इनकार किया।
समुद्री सूत्रों के अनुसार, जहाज पर पाकिस्तान के तट के पास उस समय हमला किया गया, जब वह ओमान की खाड़ी की ओर बढ़ रहा था।
होर्मुज खोलने के लिए ईरान ने रखी शर्तें
ईरान के शीर्ष सुरक्षा अधिकारी मोहसेन रेजाई ने मंगलवार को कहा कि जब तक अमेरिका तेहरान की शर्तें स्वीकार नहीं करता, तब तक रणनीतिक रूप से बेहद महत्वपूर्ण होर्मुज जलडमरूमध्य को जहाजों के लिए नहीं खोला जाएगा।
युद्ध से पहले दुनिया के कुल तेल और तरलीकृत प्राकृतिक गैस (एलएनजी) के करीब पांचवें हिस्से की आवाजाही इसी जलमार्ग से होती थी। ऐसे में लंबे समय तक इसके बंद रहने से वैश्विक ऊर्जा बाजार पर दबाव बढ़ने की आशंका है।
ट्रंप ने फिर दी कड़े कदम की चेतावनी
अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने सोमवार को कहा था कि ईरान के साथ बातचीत में अनिश्चितता कुछ समय तक जारी रह सकती है। उन्होंने ईरान को लेकर सैन्य कार्रवाई और आर्थिक दबाव दोनों के विकल्प खुले रखने के संकेत दिए।
मंगलवार को ओहायो की यात्रा के बाद पत्रकारों से बातचीत में ट्रंप ने कहा कि ईरान के साथ स्थिति ‘‘बिल्कुल ठीक’’ है और अमेरिका होर्मुज जलडमरूमध्य को पूरी तरह नियंत्रित करता है। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि ईरान ने कुछ किया तो उसे ‘‘बहुत बुरी तरह’’ जवाब दिया जा सकता है।
ईरान ने दुश्मन की जमीन पर कार्रवाई की क्षमता विकसित करने की बात कही
तनाव के बीच ईरान के रिवोल्यूशनरी गार्ड्स के कमांडर के सलाहकार मोहम्मद रजा नकदी ने सरकारी टेलीविजन पर कहा कि संगठन दुश्मन की जमीन पर अभियान चलाने की क्षमता विकसित कर रहा है।
उन्होंने कहा कि जरूरत पड़ने और आदेश मिलने पर ईरान को अपने अभियानों को दुश्मन की जमीन तक ले जाने में सक्षम होना चाहिए। उनके मुताबिक यह ईरान की आक्रामक सैन्य रणनीति का हिस्सा होगा।
अमेरिका और इजरायल द्वारा 28 फरवरी को ईरान पर हमले शुरू किए जाने के बाद से संघर्ष में हजारों लोगों के मारे जाने की खबर है। ईरान ने ओमान, जॉर्डन, कुवैत, इजरायल, संयुक्त अरब अमीरात और सऊदी अरब समेत कई देशों में अमेरिकी ठिकानों और बुनियादी ढांचे को निशाना बनाया है।

