Iran-Israel-US War : ईरान के सेना प्रमुख और रक्षा मंत्री हवाई हमले में ढेर
रक्षा परिषद की बैठक को बनाया गया निशाना; ईरान के सरकारी टीवी ने की पुष्टि
Iran-Israel-US War : मध्य पूर्व में जारी तनाव अब भीषण युद्ध में तब्दील हो गया है। रविवार को एक बड़े हवाई हमले में ईरान के सेना प्रमुख (चीफ ऑफ आर्मी स्टाफ) जनरल अब्दोल रहीम मौसवी और रक्षा मंत्री जनरल अजीज नासिरजादेह की मौत हो गई। ईरानी सरकारी टेलीविजन के अनुसार, यह हमला उस समय हुआ जब देश की रक्षा परिषद की एक उच्च स्तरीय बैठक चल रही थी।
इस हमले ने ईरान के सैन्य नेतृत्व को बड़ा झटका दिया है। बताया जा रहा है कि बैठक में रिवोल्यूशनरी गार्ड के प्रमुख और सुरक्षा सलाहकार अली शमखानी भी मौजूद थे, जिनकी मौत की पुष्टि ईरान ने पहले ही कर दी थी।
ईरान का पलटवार, इजरायल पर दागीं मिसाइलें
सर्वोच्च नेता अयातुल्ला अली खामेनेई की हत्या का बदला लेने के लिए ईरान ने रविवार को इजरायल और खाड़ी देशों में स्थित ठिकानों पर मिसाइलें दागीं। ईरान की कैबिनेट ने इसे "बड़ा अपराध" बताते हुए सख्त कार्रवाई की चेतावनी दी है। रिवोल्यूशनरी गार्ड ने धमकी दी है कि वे अमेरिकी और इजरायली सैन्य ठिकानों पर अब तक का सबसे भीषण हमला करेंगे। संसद अध्यक्ष मोहम्मद बगेर कलीबाफ ने कहा, "आपने हमारी रेड लाइन पार की है, अब ऐसी कीमत चुकानी होगी कि आप खुद भीख मांगने पर मजबूर हो जाएंगे।"

