बांग्लादेश में हिंदू युवक की जिंदा जलकर मौत, CCTV में संदिग्ध की मौजूदगी, जांच जारी
Hindu youth burnt alive Bangladesh: फिलहाल मामले में किसी की गिरफ्तारी नहीं हुई है और जांच जारी है
Hindu youth burnt alive Bangladesh: बांग्लादेश के नरसिंदी जिले में 25 वर्षीय हिंदू युवक की आग लगने से मौत हो गई। मृतक की पहचान चंचल भौमिक के रूप में हुई है। यह घटना शुक्रवार रात की है, जब वह एक दुकान के गैरेज में सो रहा था। आग लगने की घटना में युवक की मौके पर ही जलकर मौत हो गई।
पुलिस के अनुसार, प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि आग दुकान के अंदर से लगी, लेकिन सीसीटीवी फुटेज में एक संदिग्ध व्यक्ति को घटना से पहले इलाके में घूमते हुए देखा गया है, जिससे साजिश की आशंका जताई जा रही है।
नरसिंदी के पुलिस अधीक्षक (एसपी) अब्दुल्ला अल फारूक ने समाचार एजेंसी एएनआई से फोन पर बातचीत में बताया कि पुलिस ने आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज एकत्र कर ली है। उन्होंने कहा कि यह जांच की जा रही है कि आग किसी बाहरी कारण से लगाई गई या फिर यह बिजली के शॉर्ट सर्किट का मामला है।
एसपी ने बताया कि आग दुकान के अंदर लगी थी और दमकल कर्मियों ने शटर तोड़कर युवक को बाहर निकालने की कोशिश की, लेकिन तब तक उसका शरीर पूरी तरह झुलस चुका था। फिलहाल मामले में किसी की गिरफ्तारी नहीं हुई है और जांच जारी है।

