Haryana Film Festival: हरियाणवी सिनेमा को मिलेगा अंतरराष्ट्रीय मंच, रोहतक में 19-20 सितंबर को पहला इंटरनेशनल फिल्म फेस्टिवल
डीएलसीसुपवा में होगा आईएफएफएच का आयोजन; अखिलेंद्र मिश्रा और अश्विन चौधरी लेंगे मास्टर क्लास, बॉलीवुड-पंजाबी-हरियाणवी सिनेमा की हस्तियां होंगी शामिल
Haryana Film Festival: हरियाणवी भाषा, संस्कृति और सिनेमा को अंतरराष्ट्रीय मंच प्रदान करने के उद्देश्य से हरियाणवी इनोवेटिव फिल्म एसोसिएशन (हाइफा) द्वारा पहली बार दो दिवसीय इंटरनेशनल फिल्म फेस्टिवल ऑफ हाइफा (आईएफएफएच) का आयोजन किया जा रहा है। फेस्टिवल 19 और 20 सितंबर को दादा लखमी चंद स्टेट यूनिवर्सिटी ऑफ परफॉर्मिंग एंड विजुअल आर्ट्स (डीएलसीसुपवा), रोहतक के विशेष सहयोग तथा स्टेज ऐप के प्रमुख प्रायोजन में आयोजित होगा।
हाइफा के अध्यक्ष जनार्दन शर्मा और सचिव रामपाल बल्हारा की घोषणा के बाद मार्च से देश-विदेश के फिल्मकारों से प्रविष्टियां आमंत्रित की गई थीं। फेस्टिवल में फीचर, क्षेत्रीय, शॉर्ट, लॉन्ग शॉर्ट, डॉक्यूमेंट्री, स्टूडेंट, मोबाइल, एनीमेशन और म्यूजिक वीडियो सहित विभिन्न श्रेणियों में फिल्मों को शामिल किया गया है। चयनित फिल्मों का प्रदर्शन किया जाएगा तथा विभिन्न श्रेणियों में सर्वश्रेष्ठ फिल्मों और प्रतिभाओं को पुरस्कार प्रदान किए जाएंगे।
फिल्म जगत की हस्तियां लेंगी हिस्सा
फेस्टिवल के अवार्ड समारोह में कमिश्नर एवं आयुक्त, जनसंपर्क, कला एवं संस्कृति तथा खनन विभाग के आईएएस अधिकारी के.एम. पांडुरंग मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहेंगे। बॉलीवुड अभिनेता अखिलेंद्र मिश्रा और अश्विन चौधरी सिनेमा एवं अभिनय की बारीकियों पर मास्टर क्लास लेंगे। कार्यक्रम में बॉलीवुड अभिनेता-निर्देशक एवं फेस्टिवल चेयरमैन यशपाल शर्मा, सुमित्रा हुड्डा, पंजाबी गायक काका, पंजाबी अभिनेता प्रिंस कंवलजीत सिंह, मासूम शर्मा सहित बॉलीवुड, पंजाबी और हरियाणवी सिनेमा से जुड़ी कई हस्तियां शामिल होंगी।
हाइफा की जनसंपर्क अधिकारी डॉ. तबस्सुम जहां ने बताया कि फेस्टिवल का उद्देश्य हरियाणा में फिल्म संस्कृति को बढ़ावा देना और देश-विदेश के फिल्मकारों, कलाकारों, लेखकों तथा तकनीशियनों को एक मंच पर लाना है। उन्होंने कहा कि सुपवा के कुलपति की ओर से आयोजन को पूर्ण सहयोग दिया जाएगा, जबकि स्टेज ऐप के आर्थिक सहयोग से यह आयोजन संभव हो रहा है। इससे युवा और उभरती प्रतिभाओं को अनुभवी फिल्म प्रोफेशनल्स से सीखने तथा अपनी रचनात्मकता प्रदर्शित करने का अवसर मिलेगा।
उन्होंने बताया कि अंतरराष्ट्रीय स्तर पर प्रेम, सौहार्द और सांस्कृतिक संवाद को बढ़ावा देने के उद्देश्य से अफगानिस्तान, तुर्की, ईरान और फिलिस्तीन से आने वाली फिल्मों के लिए प्रविष्टि शुल्क निशुल्क रखा गया है। फेस्टिवल में फिल्मों के प्रदर्शन के साथ सिनेमा से संबंधित संवाद, गतिविधियां और मार्गदर्शन सत्र भी आयोजित किए जाएंगे।
फेस्टिवल की प्रमुख बातें
- आयोजन: इंटरनेशनल फिल्म फेस्टिवल ऑफ हाइफा (आईएफएफएच)
- तिथि: 19 और 20 सितंबर
- स्थान: डीएलसीसुपवा, रोहतक
- विशेष सहयोगी: सुपवा
- प्रमुख प्रायोजक: स्टेज ऐप
- मास्टर क्लास: अखिलेंद्र मिश्रा और अश्विन चौधरी
- प्रमुख श्रेणियां: फीचर, क्षेत्रीय, शॉर्ट, डॉक्यूमेंट्री, स्टूडेंट, मोबाइल, एनीमेशन और म्यूजिक वीडियो
- विशेष पहल: अफगानिस्तान, तुर्की, ईरान और फिलिस्तीन की फिल्मों के लिए प्रविष्टि शुल्क निशुल्क

