Tribune
PT
Subscribe To Print Edition About the Dainik Tribune Code Of Ethics Advertise with us Classifieds Download App
search-icon-img
Advertisement

हरियाणा सरकार का नाया ब जट

‘लाडो लक्ष्मी’ से ‘लेडी ड्राइव’ तक तोहफा, एटीएस में होंगी महिला कमांडो

  • fb
  • twitter
  • whatsapp
  • whatsapp
featured-img featured-img
हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी।
Advertisement

हरियाणा सरकार का बजट इस बार सिर्फ आंकड़ों का दस्तावेज नहीं, बल्कि सामाजिक संतुलन, तकनीकी छलांग और राजनीतिक संदेश का व्यापक खाका बनकर सामने आया है। मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने वित्त मंत्री के रूप में सोमवार को विधानसभा में वित्त वर्ष 2026-27 के लिए 2 लाख 23 हजार 658 करोड़ का बजट पेश किया। यह पिछले वर्ष से 10.28 प्रतिशत अधिक है। करीब 3 घंटे 10 मिनट के भाषण में मुख्यमंत्री ने 13,188 करोड़ रुपये के राजस्व घाटे को स्वीकार करते हुए भरोसा जताया कि आर्थिक अनुशासन, बढ़ते राजस्व और निवेश विस्तार के दम पर हरियाणा को 2047 तक ट्रिलियन डॉलर अर्थव्यवस्था की दिशा में ले जाया जाएगा।

बजट की शुरुआत गुरु नानक देव जी के संदेश ‘किरत करो, नाम जपो, वंड छको’ से करते हुए सैनी ने इसे ‘जनभागीदारी से जनकल्याण’ का दस्तावेज बताया। कुल 12 हजार 400 सुझावों में से 5000 को शामिल करने का दावा करते हुए उन्होंने साफ किया कि यह बजट टैक्स-फ्री है।

Advertisement

76 पेज के बजट भाषण में मुख्यमंत्री ने कोई भी विभाग ऐसा नहीं छोड़ा, जिसके लिए नयी योजनाओं की शुरुआत और घोषणाएं न की हों। अग्निवीरों को हरियाणा पुलिस में 20 प्रतिशत आरक्षण देने का प्रस्ताव किया गया है। मुख्यमंत्री ने कहा कि अगले वित्त वर्ष में 1300 अग्निवीरों की विशेष भर्ती की जाएगी।

Advertisement

इंडस्ट्री और निवेश पर फोकस

‘लैंड ऑन लीज’ नीति लागू होगी। गुरुग्राम, खरखौदा और पिंजौर में वेडिंग सिटी विकसित की जाएंगी। पानीपत में ग्रीन हाइड्रोजन प्लांट और राई में बड़ा होलसेल मार्केट कॉम्प्लेक्स बनेगा। ओबीसी उद्यमियों को 10 प्रतिशत छूट, कॉमन इंडस्टि्रयल सेक्रेटेरिएट और 45 दिन में डिजिटल लैंड फिजिबिलिटी सर्टिफिकेट व्यवस्था लागू होगी।

एटीएस बनेगा

आतंकवादी गतिविधियों से निपटने और रोकथाम के लिए आईजी स्तर के अधिकारी के नेतृत्व में एटीएस (आंतक विरोधी दस्ता) का गठन होगा। गुरुग्राम और पंचकूला में एटीएस के थाने होंगे। इसके लिए साढ़े 35 करोड़ का बजट तय किया गया है। मुख्यमंत्री ने कहा कि एटीएस में महिला कमांडो को भी शामिल किया जाएगा।

लाडो लक्ष्मी योजना का विस्तार

‘दीन दयाल लाडो लक्ष्मी योजना’ का दायरा बढ़ाकर 1.80 लाख रुपये वार्षिक आय तक वाले परिवारों की महिलाओं को शामिल करने का ऐलान सीएम ने किया। 25 सितंबर, 2026 से पात्र महिलाओं को 2100 रुपये प्रतिमाह मिलेंगे। इसके लिए 6,500 करोड़ रुपये का प्रावधान रखा गया है। हालांकि, इस आय वर्ग की महिलाएं अभी भी कवर हैं, लेकिन इसमें कई तरह की शर्तें हैं।

महिलाओं को गाड़ी पर टैक्स में छूट

यदि महिला अपने नाम पर वाहन खरीदती है तो उसे रोड टैक्स में एक प्रतिशत की छूट मिलेगी। इलेक्िट्रक वाहनों पर मिल रही 20 प्रतिशत छूट को और प्रोत्साहित किया जाएगा। पिंक कैब योजना के तहत ड्राइविंग प्रशिक्षण और ई-वाहन खरीद के लिए 10 लाख रुपये तक ऋण सुविधा मिलेगी।

सुरक्षा और भागीदारी

लोहारू, बरवाला, नरवाना, समालखा, महम, रादौर और पिहोवा में 7 नये महिला थाने बनेंगे। चार हजार उचित मूल्य की दुकानों में 33 प्रतिशत आरक्षण महिलाओं को मिलेगा। गुरुग्राम में ‘नारी मंडपम’ स्थापित होगा। तीन लाख ‘लखपति दीदी’ बनाने का लक्ष्य रखा गया है।

युवा और छात्र - एआई से विदेश तक

मुख्यमंत्री ने हरियाणा एआई मिशन की शुरुआत का ऐलान किया। इसके तहत वर्ल्ड बैंक से भी 474 करोड़ रुपये मिलेंगे। एक लाख युवाओं को एआई प्रशिक्षण दिया जाएगा। छह मोबाइल स्किल लैब स्थापित होंगी। 50 करोड़ का उन्नत कौशल केंद्र विकसित होगा। ग्रामीण क्षेत्रों के 20 हजार युवाओं को प्रशिक्षण दिया जाएगा। विदेश जाने से पहले युवाओं को विदेशी भाषा प्रशिक्षण और वित्तीय सहायता दी जाएगी। वैध रूट से विदेश गए युवाओं की मृत्यु पर परिवार को आर्थिक सहायता के लिए विशेष कोष बनेगा। छात्राओं के लिए समर्पित बसों की संख्या 273 से बढ़ाकर 500 होगी। करनाल, हिसार, रोहतक, गुरुग्राम और पलवल में नये हॉस्टल बनेंगे।

शहरियों को करोड़ों की सौगात

500 गज तक के मीटर्ड घरों को हर महीने 10 किलोलीटर पानी मुफ्त मिलेगा। 140 करोड़ रुपये का पानी-सीवरेज सरचार्ज माफ होगा। 15 अगस्त 2026 तक बस ट्रैकिंग मोबाइल ऐप लॉन्च होगा। सरकारी बसों और टैक्सियों में पैनिक बटन व ट्रैकिंग डिवाइस अनिवार्य होंगे।

स्वास्थ्य जिला स्तर पर मजबूती

18 जिलों में सीटी स्कैन, 7 में एमआरआई सुविधा शुरू। बाकी में इसी वर्ष से यह सुविधा मिलेगी। राज्य में 17 नये प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र बनेंगे। 100 नये उपकेंद्र स्थापित किए जाएंगे। 50 नयी एंबुलेंस, 150 बाइक एंबुलेंस और 157 बेसिक लाइफ सपोर्ट एंबुलेंस खरीदी जाएंगी। मानेसर ईएसआईसी अस्पताल को 200 बिस्तर में अपग्रेड कर मेडिकल कॉलेज बनाया जाएगा। सभी 23 जिला अस्पतालों में अमृत फार्मेसी स्टोर खुलेंगे। फरीदाबाद जिला अस्पताल 400 बिस्तर का होगा।

किसान : एग्री डिस्कॉम से प्राकृतिक खेती तक

कृषि बिजली आपूर्ति के लिए ‘हरियाणा एग्री डिस्कॉम’ नामक अलग कंपनी बनाई जाएगी। देसी कपास पर प्रोत्साहन 4,000 रुपये प्रति एकड़ होगा। धान छोड़ अन्य फसल उगाने पर 2,000 रुपये अतिरिक्त बोनस मिलेगा। यह प्रोत्साहन 8 हजार था, जो अब 10 हजार रुपये होगा। प्राकृतिक खेती पर 10,000 रुपये प्रति एकड़ (5 वर्ष) का प्रोत्साहन दिया जाएगा। गन्ने की सिंगल बड तकनीक पर 5000 रुपये प्रति एकड़ मिलेगा। दस मंडियों में ऑर्गेनिक उत्पादों के लिए अलग व्यवस्था होगी।

बनेंगे 21 नये स्टेडियम

प्रदेश में 21 नये स्टेडियम बनाए जाएंगे। प्रत्येक जिले में सिंथेटिक एथलेटिक ट्रैक और खेलो इंडिया लघु केंद्र स्थापित होंगे। ‘फिट हरियाणा अभियान’ 30 सितंबर 2026 से शुरू होगा। दौलताबाद स्थित राजीव गांधी खेल परिसर को अंतर्राष्ट्रीय पैरा-खेल स्टेडियम में बदला जाएगा।

शिक्षा विभाग अब मानव संसाधन

शिक्षा विभाग का नाम बदल कर मानव संसाधन किया जाएगा। प्रदेश में 250 स्कूल अपग्रेड किए जाएंगे। सुपर-100 योजना में सीटें 400 से बढ़ाकर 500 होंगी। चार नये पॉलिटेक्निक कॉलेज खुलेंगे। एआई आधारित डिजिटल कॉलेज मॉडल लागू होगा। जर्मन और जापानी भाषा प्रशिक्षण भी शुरू होगा।

श्रमिक, कर्मचारी वर्ग को राहत

न्यूनतम मजदूरी 11,257 से बढ़ाकर 15,200 रुपये की जाएगी। औद्योगिक श्रमिकों की वार्षिक मुफ्त स्वास्थ्य जांच होगी। पंजीकृत निर्माण श्रमिकों को मुफ्त इलाज और दवाइयां मिलेंगी। श्रमिकों के बच्चों के लिए अटल आवासीय विद्यालय खोला जाएगा। पांच नयी ईएसआई डिस्पेंसरी खुलेंगी।

सड़क, सेक्टर और एयरपोर्ट की सौगात

अगले एक वर्ष में 5,000 किमी सड़कों का सुधार होगा। राज्य में 18 आरओबी, 12 आरयूबी बनेंगे। प्रदेश के 71 शहरों में 849 नये सेक्टर विकसित किए जाएंगे। गुरुग्राम-पटौदी से झज्जर तक की सड़क 6 लेन होगी। झज्जर से दादरी व कैथल से यमुनानगर की सड़क फोर लेन होगी। करनाल में ग्रीन फील्ड एयरपोर्ट बनेगा। पिंजौर में फिल्म सिटी स्थापित होगी और हसनपुर (करनाल) में 100 एकड़ डियर पार्क बनेगा।

केसरिया पगड़ी, सफेद कुर्ता-पायजामा

मुख्यमंत्री केसरिया रंग की सिख पगड़ी में सदन पहुंचे। सफेद कुर्ता-पायजामा, स्यान रंग की जैकेट और मैचिंग पटके के साथ उनका पारंपरिक अंदाज अलग ही संदेश देता नजर आया। राजनीतिक गलियारों में उनके इस परिधान को आगामी पंजाब विधानसभा चुनाव से जोड़कर भी देखा जा रहा है।

विपक्ष पर शायराना तंज

बजट भाषण के दौरान मुख्यमंत्री ने विपक्ष पर तंज कसते हुए शे’र पढ़ा- ‘वे बोलते रहे मंसूबे हवाओं की तरह, हमने ज़मीं पे उतार कर आसमां बदल दिया।’

Advertisement
×