हरियाणा को 337 करोड़ की विकास परियोजनाओं की सौगात
सीएम नायब सैनी ने 325 अमृत सरोवर, 70 एडवांस लाइफ सपोर्ट एंबुलेंस और सात स्वास्थ्य प्रोजेक्ट किए जनता को समर्पित
हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने बुधवार को नारायणगढ़ में एक कार्यक्रम में प्रदेश को 337 करोड़ रुपये से अधिक की विकास परियोजनाओं की सौगात दी। मुख्यमंत्री ने 114 करोड़ रुपये की लागत से तैयार 7 महत्वपूर्ण स्वास्थ्य परियोजनाओं का लोकार्पण एवं शुभारंभ किया, जबकि 223 करोड़ रुपये की लागत से निर्मित 325 अमृत सरोवर भी जनता को समर्पित किए। इसके साथ ही 70 एडवांस लाइफ सपोर्ट (एएलएस) एंबुलेंस को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया जो डायल-112 आपातकालीन सेवा से जुड़ेंगी।
इस मौके पर मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास और सबका प्रयास के मंत्र को राज्य सरकार धरातल पर उतार रही है। मुख्यमंत्री ने 31.72 करोड़ रुपये की लागत से बने अतिरिक्त 50 बिस्तरीय अस्पताल भवन और ब्लॉक पब्लिक हेल्थ यूनिट का उद्घाटन किया। इससे नारायणगढ़ नागरिक अस्पताल की क्षमता बढ़कर 100 बिस्तरों की हो गई है। इसके अलावा नागरिक अस्पताल में स्वस्थ नारी-सशक्त परिवार (एसएनएसपी) महिला क्लीनिक का शुभारंभ किया गया। कार्यक्रम में स्वास्थ्य मंत्री आरती सिंह राव ने कहा कि राज्य सरकार सुविधाओं के साथ ही रोगों की समय पर पहचान और रोकथाम पर भी विशेष ध्यान दे रही है। नारायणगढ़ की विधायक शैली चौधरी ने भी सीएम का आभार जताया। अतिरिक्त मुख्य सचिव डॉ. सुमिता मिश्रा ने बताया कि 20 करोड़ रुपये की चिकित्सा मशीनें और अन्य उपकरण उपलब्ध कराए गए हैं। कार्यक्रम के दौरान धूम्रपान मुक्त हरियाणा अभियान का पोस्टर जारी किया गया। इस दौरान नरेन्द्र सिंह, दीपा बजाज, संजय कुमार, अतुल अग्रवाल, अरुण कुमार, राकेश बिष्ट, एमएल दहरिया, प्रांजल मिश्रा व स्वारबानी कुमार घोष को सम्मानित भी किया गया। मुख्यमंत्री ने स्वतंत्रता सेनानी शहीद मदन लाल ढींगरा की प्रतिमा का अनावरण और उनके नाम पर बने चौक का उद्घाटन भी किया।
मुख्यमंत्री ने अनाज मंडी में आयोजित जनसभा में क्षेत्र के विकास के लिए पांच करोड़ रुपये देने की घोषणा की। विधायक शैली चौधरी और पूर्व विधायक डॉ. पवन सैनी ने मुख्यमंत्री को क्षेत्र की विकास संबंधी मांगों से अवगत कराया। मुख्यमंत्री ने डॉक्टरों, नर्सों, पैरामेडिकल स्टाफ, आशा कार्यकर्ताओं तथा स्वास्थ्य सेवाओं से जुड़े सभी कर्मियों को डॉक्टर्स डे की शुभकामनाएं दीं।

