हरियाणा छह आईएएस अफसरों समेत 19 के खिलाफ चार्जशीट
आईडीएफसी फर्स्ट एवं अन्य में 504 करोड़ का बैंक घोटाला
हरियाणा के सरकारी फंड से जुड़े 504 करोड़ रुपये के कथित बैंक घोटाले में सीबीआई ने बुधवार को तीसरी चार्जशीट दाखिल कर जांच का दायरा और बढ़ा दिया। पंचकूला की विशेष सीबीआई अदालत में दाखिल इस आरोपपत्र में छह आईएएस अधिकारियों समेत 19 लोगों को आरोपी बनाया गया है। आईएएस अधिकारियों में विनीत गर्ग, पंकज अग्रवाल, मोहम्मद शाईन, डॉ. साकेत कुमार, प्रदीप कुमार और रामकुमार (आरके) सिंह के नाम हैं। इनके अलावा आईडीएफसी फर्स्ट बैंक के तीन अधिकारियों, एयू स्मॉल फाइनेंस बैंक के एक अधिकारी तथा हरियाणा सरकार और संबंधित संस्थानों से जुड़े नौ अन्य लोगों को आरोपी बनाया गया है। गौर हो कि तीन आरोपी आईएएस अधिकारी- पंकज अग्रवाल, प्रदीप कुमार और आरके सिंह पहले ही न्यायिक हिरासत
में हैं।
सीबीआई के मुताबिक, आरोपियों ने मिलीभगत से सरकारी धन निकालने और दूसरे खातों में पहुंचाने साजिश रची। जांच में सामने आया कि हरियाणा सरकार के आठ विभागों व संस्थानों की रकम विभिन्न बैंकों से निकालकर आईडीएफसी फर्स्ट बैंक और एयू स्मॉल फाइनेंस बैंक की चुनिंदा शाखाओं में खाते खोलकर पहुंचाई गई, फिर वहां से तीसरे पक्ष के खातों में पैसा ट्रांसफर किया गया, जिनका सरकारी विभागों से कोई संबंध नहीं था। इसके बाद रकम को कई खातों के जरिये घुमाया गया और उसका एक हिस्सा नकदी में बदल दिया गया। सीबीआई का आरोप है कि इस पूरी प्रक्रिया से आरोपियों ने खुद को अनुचित आर्थिक लाभ पहुंचाया।
आठ विभागों की रकम प्रभावित : जांच एजेंसी के अनुसार, विकास एवं पंचायत विभाग, पंचकूला और कालका नगर निगम, हरियाणा स्कूल शिक्षा परियोजना परिषद, हरियाणा श्रम कल्याण बोर्ड, हरियाणा राज्य कृषि विपणन बोर्ड, हरियाणा राज्य प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड और हरियाणा पावर जनरेशन कॉर्पोरेशन लिमिटेड की रकम प्रभावित हुई। आरोपियों के खिलाफ आपराधिक साजिश, धोखाधड़ी, जालसाजी, फर्जी दस्तावेजों का इस्तेमाल, साक्ष्य नष्ट करने, खातों में हेरफेर और आपराधिक विश्वासघात सहित भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत रिश्वत और आपराधिक कदाचार से जुड़े आरोप लगाए
गए हैं।
13 अन्य आरोपियों में बैंक और सरकारी अधिकारी
छह आईएएस अधिकारियों के अलावा चार्जशीट में दीप्ति कौशिक, राजेश गोयल, प्रिंस शर्मा, सौरव कुमार, प्रवीण कुमार, सुरेंद्र जैन, सुरेंद्र कौर, अमित कुमार, जुगल किशोर, शमीम अहमद दार, सुधा गोयल, कुलदीप सिंह और चरणजीत सिंह रंधावा को भी आरोपी बनाया गया है। इनमें कुछ आरोपी हरियाणा पावर जनरेशन कॉर्पोरेशन, विकास एवं पंचायत विभाग, प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड, पंचकूला नगर निगम तथा आईडीएफसी फर्स्ट और एयू स्मॉल फाइनेंस बैंक से जुड़े हैं।
54 छापे, 26 गिरफ्तारियां और 20 करोड़ का सोना
इस मामले में अब तक चार्जशीट किए गए आरोपियों की संख्या 37 हो गई है। सीबीआई ने अब तक 54 स्थानों पर छापेमारी की है। जांच के दौरान करीब 20 करोड़ रुपये मूल्य का सोना जब्त किया गया है। एजेंसी अब तक 26 आरोपियों को गिरफ्तार कर चुकी है।

