Tribune
PT
Subscribe To Print Edition About the Dainik Tribune Code Of Ethics Advertise with us Classifieds Download App
Add Tribune As Your Trusted Source
search-icon-img
Advertisement

नशे में सड़क पर आया शख्स, बचाने के चक्कर में KMP पर भिडे कैंटर; ड्राइवर समेत 3 की मौत

पहले हादसे के तुरंत बाद पीछे से आ रहा दूसरा आईसर कैंटर भी दुर्घटना की चपेट में आ गया

  • fb
  • twitter
  • whatsapp
  • whatsapp
Advertisement

कुंडली-मानेसर-पलवल (KMP) एक्सप्रेसवे पर शुक्रवार दोपहर झज्जर जिले के गांव सिलोठी के पास हुए भीषण सड़क हादसे में दो कैंटर चालकों समेत 3 लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक अन्य कैंटर चालक गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसे के बाद एक्सप्रेसवे पर अफरा-तफरी मच गई और कुछ समय के लिए यातायात भी प्रभावित रहा।

नशे में सड़क पर आए व्यक्ति को बचाने के प्रयास में हादसा

प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, शुक्रवार दोपहर करीब तीन बजे एक अज्ञात व्यक्ति कथित रूप से शराब के नशे में एक्सप्रेसवे पर आ गया। इसी दौरान बुलंदशहर निवासी आईसर कैंटर चालक अनिल कुमार उसे बचाने का प्रयास करने लगा। इस दौरान कैंटर अनियंत्रित होकर डिवाइडर से टकरा गया। पहले हादसे के तुरंत बाद पीछे से आ रहा दूसरा आईसर कैंटर भी दुर्घटना की चपेट में आ गया।

Advertisement

एक के बाद एक भिड़े तीन कैंटर

अज्ञात व्यक्ति दूसरे कैंटर के नीचे आ गया और यह वाहन आगे जाकर पहले कैंटर से टकरा गया। टक्कर इतनी भीषण थी कि अज्ञात व्यक्ति और दोनों कैंटर चालकों की मौके पर ही मौत हो गई। इसके बाद पीछे से आ रहा तीसरा आईसर कैंटर भी दुर्घटनाग्रस्त वाहनों से टकरा गया, जिससे उसका चालक गंभीर रूप से घायल हो गया।

Advertisement

घायल अस्पताल में भर्ती, पुलिस जांच में जुटी

घायल चालक को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस ने तीनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए बहादुरगढ़ के नागरिक अस्पताल भेजा है, जहां से आगे की प्रक्रिया के लिए उन्हें झज्जर भेजा जाएगा।

एक मृतक की हुई पहचान, दो की शिनाख्त बाकी

पुलिस के अनुसार, मृतकों में केवल एक चालक की पहचान बुलंदशहर निवासी अनिल कुमार के रूप में हुई है। अन्य दो मृतकों की पहचान अभी नहीं हो सकी है। पुलिस वाहनों के दस्तावेज, उपलब्ध साक्ष्यों और अन्य माध्यमों से उनकी शिनाख्त करने के साथ-साथ परिजनों से संपर्क करने का प्रयास कर रही है।

यातायात रहा प्रभावित

हादसे के कारण केएमपी एक्सप्रेसवे पर कुछ समय तक यातायात प्रभावित रहा। पुलिस ने दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी है और सभी पहलुओं की पड़ताल की जा रही है।

Advertisement
×