Tribune
PT
Subscribe To Print Edition About the Dainik Tribune Code Of Ethics Advertise with us Classifieds Download App
search-icon-img
Advertisement

ब्रिटेन पुलिस ने चार्ल्स तृतीय के भाई एंड्रयू को किया गिरफ्तार, जेफ्री एप्स्टीन के साथ संबंध रखने का आरोप

बर्कशायर और नॉरफॉक में पूर्व प्रिंस से जुड़े ठिकानों पर तलाश अभियान जारी

  • fb
  • twitter
  • whatsapp
  • whatsapp
Advertisement
ब्रिटेन की पुलिस ने आज महाराजा चार्ल्स तृतीय के छोटे भाई एंड्रयू माउंटबेटन-विंडसर को सार्वजनिक पद पर रहते हुए कदाचार के संदेह में गिरफ्तार किया है। उन पर यौन अपराधी जेफ्री एप्स्टीन के साथ संबंध रखना का आरोप भी है। टेम्स वैली पुलिस ने कहा कि बर्कशायर और नॉरफॉक में पूर्व प्रिंस से जुड़े ठिकानों पर तलाश अभियान जारी हैं, जबकि वह पुलिस हिरासत में है।
पुलिस ने गिरफ्तार व्यक्ति का नाम नहीं बताया है, लेकिन ऐसी खबर है कि इस गिरफ्तारी में एंड्रयू शामिल हैं। एंड्रयू का आज जन्मदिन भी है और आज वह 66 वर्ष के हो गए। टेम्स वैली पुलिस के सहायक मुख्य कांस्टेबल ओलिवर राइट ने कहा कि गहन मूल्यांकन के बाद, हमने सार्वजनिक पद पर रहते हुए कदाचार के इस आरोप की जांच शुरू कर दी है। इस कथित अपराध की जांच करते समय यह महत्वपूर्ण है कि हम निष्पक्षता और अखंडता बनाये रखें। हम इस मामले में जनता की व्यापक रुचि को समझते हैं और उचित समय पर विस्तृत जानकारी प्रदान करेंगे। ब्रिटेन के कानून के अनुसार, किसी व्यक्ति को गिरफ्तार करने के लिए पुलिस के पास अपराध होने का संदेह करने के लिए उचित आधार और संबंधित व्यक्ति को गिरफ्तार करना आवश्यक मानने के लिए ठोस आधार होना चाहिए।
इससे पहले, जब एक दशक पहले तत्कालीन सरकार के व्यापार विभाग में पूर्व व्यापार दूत के रूप में कार्यकाल के दौरान एंड्रयू के खिलाफ लगे आरोपों के बारे में पूछा गया, तो ब्रिटेन के प्रधानमंत्री केअर स्टार्मर ने 'बीबीसी' से कहा कि कोई भी व्यक्ति कानून से ऊपर नहीं है। स्टार्मर ने कहा कि जिसके पास भी कोई जानकारी हो, उसकी जानकारी देनी चाहिए। इसलिए, चाहे वह एंड्रयू हो या कोई और, जिसके पास भी प्रासंगिक जानकारी हो, उसे संबंधित निकाय को बताना चाहिए। इस विशेष मामले में, हम एप्स्टीन की बात कर रहे हैं, लेकिन ऐसे कई अन्य मामले भी हैं। मेरी राय में, महिलाओं और लड़कियों के खिलाफ हिंसा के किसी भी पहलू से संबंधित जानकारी रखने वाले किसी भी व्यक्ति का यह कर्तव्य है कि वह आगे आए, चाहे वह कोई भी हो। हमारी व्यवस्था के मूल सिद्धांतों में से एक यह है कि कानून के समक्ष सभी समान हैं और कोई भी कानून से ऊपर नहीं है तथा यह वास्तव में महत्वपूर्ण है कि इसे हर जगह लागू किया जाए। यही सिद्धांत है।
यह एक पुराना सिद्धांत है, यह हमारे देश, हमारे समाज का एक बहुत महत्वपूर्ण सिद्धांत है। यह इस मामले में भी उसी तरह लागू होता है, जैसे किसी अन्य मामले में होता है। यह गिरफ्तारी पिछले कुछ हफ्तों में सामने आए कई चौंकाने वाले आरोपों के बाद हुई है, जब अमेरिकी कांग्रेस द्वारा एप्स्टीन फाइल को जारी किया गया था। बकिंघम पैलेस ने इस महीने की शुरुआत में एक बयान जारी कर कहा था कि वह एंड्रयू माउंटबेटन विंडसर के आचरण की पुलिस जांच में सहयोग करने के लिए "तैयार" है। एंड्रयू से पिछले साल महाराजा द्वारा 'प्रिंस' और 'ड्यूक ऑफ यॉर्क' की सभी शाही उपाधि वापस ले ली गई थी। एंड्रयू ने कोई गलत कृत्य करने से इनकार किया है। टेम्स वैली पुलिस ने कहा कि हम राष्ट्रीय दिशानिर्देशों के अनुसार गिरफ्तार व्यक्ति का नाम नहीं बताएंगे। कृपया यह भी ध्यान रखें कि यह मामला अभी भी सक्रिय है, इसलिए किसी भी प्रकाशन के दौरान सावधानी बरतें ताकि अदालत की अवमानना ​​से बचा जा सके।
Advertisement
×