Nepal Election : सत्ता की दहलीज पर 'युवा शक्ति', आरएसपी की आंधी में उड़े दिग्गज
काठमांडू में सभी 10 सीटों पर राष्ट्रीय स्वतंत्र पार्टी का दबदबा, रंजू दर्शन की बड़ी जीत
Nepal Election : नेपाल में 'जेन जेड' (Gen Z) पीढ़ी के ऐतिहासिक विरोध प्रदर्शनों के बाद हुए पहले आम चुनाव के नतीजों ने राजनीतिक गलियारों में हलचल तेज कर दी है। शुक्रवार को जारी मतगणना के शुरुआती रुझानों में राष्ट्रीय स्वतंत्र पार्टी (आरएसपी) एक बड़ी ताकत बनकर उभरी है। पार्टी ने न केवल एक सीट पर जीत दर्ज की है, बल्कि 36 अन्य सीटों पर भी निर्णायक बढ़त बनाए हुए है। यह चुनाव परिणाम नेपाल की पारंपरिक राजनीति के लिए एक बड़े बदलाव का संकेत माना जा रहा है।
रंजू दर्शन की शानदार जीत
आरएसपी की लहर का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि पार्टी उम्मीदवार रंजू दर्शन ने काठमांडू-1 निर्वाचन क्षेत्र में अपने निकटतम प्रतिद्वंद्वी को भारी अंतर से पटखनी दी है। आरएसपी की केंद्रीय समिति के अनुसार, रंजू को 10,000 से अधिक वोट मिले, जो नेपाली कांग्रेस के उम्मीदवार प्रबल थापा छेत्री के मुकाबले लगभग दोगुने हैं। हालांकि, निर्वाचन आयोग द्वारा इसकी आधिकारिक घोषणा होना अभी बाकी है।
#WATCH नेपाल: वीडियो जनकपुर, धनुसा के एक पोलिंग सेंटर से है, जहां देश के आम चुनावों के लिए वोटों की गिनती चल रही है। pic.twitter.com/RCuquoz4LJ
— ANI_HindiNews (@AHindinews) March 6, 2026
दिग्गजों की साख दांव पर
मतगणना के रुझानों ने बड़े उलटफेर के संकेत दिए हैं। काठमांडू के पूर्व महापौर और 'बालेन' के नाम से मशहूर बालेंद्र शाह झापा-5 सीट पर पूर्व प्रधानमंत्री के.पी. शर्मा ओली से आगे चल रहे हैं। काठमांडू की सभी 10 सीटों पर फिलहाल आरएसपी का ही कब्जा नजर आ रहा है। दूसरी ओर, नेपाली कांग्रेस केवल पांच और सीपीएन-यूएमएल तीन सीटों पर बढ़त बनाने में कामयाब रही है।
परिवर्तन की ओर नेपाल
पिछले साल युवाओं (जेन जेड) के हिंसक प्रदर्शनों के कारण तत्कालीन ओली सरकार गिर गई थी। उस गुस्से का असर इस चुनाव में साफ दिख रहा है। वर्ष 2022 में बनी आरएसपी को जनता का भारी समर्थन मिल रहा है और बालेन शाह को प्रधानमंत्री पद का प्रबल दावेदार माना जा रहा है।
चुनाव का गणित :
कुल मतदाता: 1.89 करोड़
कुल सीटें: 275 (165 प्रत्यक्ष, 110 आनुपातिक)
मैदान में उम्मीदवार: प्रत्यक्ष के लिए 3,406 और आनुपातिक के लिए 3,135
निर्वाचन आयोग के मुताबिक, बृहस्पतिवार को हुए मतदान में करीब 60 प्रतिशत वोटिंग हुई थी। मतगणना आज रात तक पूरी होने की उम्मीद है, जिसके बाद नेपाल की नई सरकार की तस्वीर साफ हो जाएगी।

