दिल्ली के प्रदूषण से डरे दुनिया के दूसरे नंबर के खिलाड़ी एंडर्स एंटोनसन, इंडिया बैडमिंटन ओपन में आने से किया इनकार!
बीडब्ल्यूएफ ने पांच हजार अमेरिकी डॉलर का जुर्माना लगाया
Advertisement
दुनिया के दूसरे नंबर के खिलाड़ी डेनमार्क के एंडर्स एंटोनसन ने बुधवार को कहा कि दिल्ली में बहुत अधिक प्रदूषण के कारण उन्होंने लगातार तीसरे साल इंडिया ओपन सुपर 750 बैडमिंटन टूर्नामेंट में हिस्सा नहीं लेने का फैसला किया। एंटोनसन ने पिछले हफ्ते इंडिया ओपन से हटने का फैसला किया था लेकिन यह कारण नहीं बताया था कि उन्होंने आखिर क्यों ऐसा फैसला किया। डेनमार्क के इस खिलाड़ी ने हालांकि बुधवार को इंस्टाग्राम पर अपने फैसले का कारण बताते हुए दिल्ली में प्रदूषण के खतरनाक स्तर को जिम्मेदार ठहराया। एंटोनसन ने इंस्टाग्राम पर लिखा, ‘बहुत से लोग जानना चाहते हैं कि मैंने लगातार तीसरे साल इंडिया ओपन से नाम क्यों वापस ले लिया है। इस समय दिल्ली में बहुत अधिक प्रदूषण है इसलिए मुझे नहीं लगता कि यह बैडमिंटन टूर्नामेंट की मेजबानी करने के लिए सही जगह है।’ डेनमार्क के इस 28 साल के खिलाड़ी ने हालांकि उम्मीद जताई कि अगस्त में जब इसी जगह पर बीडब्ल्यूएफ बैडमिंटन विश्व चैंपियनशिप का आयोजन किया जाएगा तो हालात जनवरी की तुलना में बेहतर होंगे। विश्व चैंपियनशिप में एक रजत और तीन कांस्य पदक सहित चार पदक जीतने वाले एंटोनसन ने कहा, ‘उम्मीद है कि गर्मियों में जब दिल्ली में विश्व चैंपियनशिप होगी तो हालात बेहतर होंगे।' प्रतियोगिता से हटने के कारण वैश्विक संचालन संस्था विश्व बैडमिंटन महासंघ (बीडब्ल्यूएफ) ने उन पर पांच हजार अमेरिकी डॉलर का जुर्माना लगाया है। एंटोनसन पिछली बार 2023 में इंडिया ओपन में खेले थे जहां वह दूसरे दौर में हार गए थे। एंटोनसन ने साथ ही इंस्टाग्राम पर एक ‘स्क्रीनशॉट' भी डाला है जिसमें दिल्ली के एक्यूआई स्तर को 348 दर्शाया गया है।
Advertisement
×

