अगर आम आदमी करता तो? प्राइवेट जेट में क्रिकेट खेलते दिखे सचिन तेंदुलकर, लोगों ने लगा दी क्लास
वीडियो में सचिन तेंदुलकर प्राइवेट जेट के केबिन में बैटिंग करते नजर आ रहे हैं
भारतीय क्रिकेट के महान बल्लेबाज सचिन तेंदुलकर एक बार फिर सोशल मीडिया पर चर्चा में हैं। इस बार वजह उनका कोई रिकॉर्ड या क्रिकेट उपलब्धि नहीं, बल्कि प्राइवेट जेट के अंदर खेला गया एक मजेदार क्रिकेट मैच है। सचिन ने अपने सोशल मीडिया अकाउंट पर एक वीडियो शेयर किया, जो देखते ही देखते वायरल हो गया।
बेटी सारा ने की गेंदबाजी, सचिन ने संभाला बल्ला
वीडियो में सचिन तेंदुलकर प्राइवेट जेट के केबिन में बैटिंग करते नजर आ रहे हैं। उनकी बेटी सारा तेंदुलकर गेंदबाजी कर रही हैं। वहीं परिवार के अन्य सदस्य भी इस खास पल का आनंद लेते दिखाई दे रहे हैं। वीडियो में अर्जुन तेंदुलकर की पत्नी सानिया चंडोक भी नजर आईं। वीडियो शेयर करते हुए सचिन ने लिखा, “Altitude jo bhi ho, attitude change nahi hona chahiye।” इस कैप्शन के जरिए उन्होंने क्रिकेट के प्रति अपने जुनून को दिखाने की कोशिश की।
View this post on Instagram
फैंस ने लुटाया प्यार
वीडियो सामने आने के बाद हजारों फैंस ने इस पर रिएक्शन दिए। कई लोगों ने कहा कि क्रिकेट सचिन की जिंदगी का हिस्सा है और वह जहां भी जाते हैं, खेल को अपने साथ ले जाते हैं। कुछ यूजर्स ने इसे परिवार के साथ बिताया गया खूबसूरत और यादगार पल बताया। हालांकि वीडियो को लेकर कुछ लोगों ने सवाल भी उठाए।
कई यूजर्स ने विमान के अंदर क्रिकेट खेलने को सुरक्षा नियमों का उल्लघंन बताया। एक यूजर ने लिखा कि अगर कोई आम व्यक्ति ऐसा करता तो शायद उसे नियमों का उल्लंघन माना जाता। कुछ लोगों ने विमान की खिड़कियों और अंदर की सुरक्षा को लेकर भी चिंता जताई। वहीं कई यूजर्स ने मजाकिया अंदाज में कहा कि क्रिकेट के भगवान अब आसमान में भी क्रिकेट खेल रहे हैं।
