Tribune
PT
Subscribe To Print Edition About the Dainik Tribune Code Of Ethics Advertise with us Classifieds Download App
search-icon-img
Advertisement

West Asia Tension : ईरान संकट के कारण भारत में फंसी वेस्टइंडीज टीम, कोच सैमी बोले- मैं बस घर जाना चाहता हूं

मैं बस घर जाना चाहता हूं, भारत में फंसी वेस्टइंडीज टीम के मुख्य कोच सैमी ने कहा

  • fb
  • twitter
  • whatsapp
  • whatsapp
Advertisement

West Asia Tension : वेस्टइंडीज के मुख्य कोच डेरेन सैमी ने बृहस्पतिवार को सोशल मीडिया पर अपनी निराशा जाहिर की क्योंकि ईरान पर अमेरिका और इजराइल के हमलों के कारण अंतरराष्ट्रीय वायु क्षेत्र पर लगी पाबंदियों के कारण कैरेबियाई टीम चार दिन से अधिक समय से शहर में फंसी है।

रविवार को सुपर आठ चरण में भारत से हारने के बाद टी20 विश्व कप से बाहर हुई वेस्टइंडीज की टीम खाड़ी क्षेत्र के कुछ हिस्सों से वायु क्षेत्र पर लगी पाबंदियों के कारण स्वदेश वापस नहीं जा पा रही है। अपनी निराशा जाहिर करते हुए सैमी ने 'एक्स' पर पोस्ट किया, ''मैं बस घर जाना चाहता हूं।'' चार घंटे बाद वेस्टइंडीज के पूर्व कप्तान ने अपनी यात्रा योजनाओं पर स्पष्टता मांगते हुए एक और पोस्ट किया।

Advertisement

सैमी ने लिखा, ''कम से कम एक अपडेट तो दो, हमें कुछ तो बताओ। आज कल, अगले हफ्ते। पांच दिन हो गए हैं।'' स्थिति अब भी अनिश्चित है और ऐसे में वेस्टइंडीज के कई खिलाड़ियों के भारत में ही रुकने की उम्मीद है क्योंकि उनकी आईपीएल फ्रेंचाइजी आने वाले हफ्तों में तैयारी शिविर शुरू करने वाली हैं। रोवमैन पावेल कोलकाता नाइट राइडर्स का हिस्सा हैं जिसका शिविर 18 मार्च से शुरू होगा जबकि शेरफेन रदरफोर्ड मुंबई इंडियंस के लिए खेलते हैं। शिमरोन हेटमायर राजस्थान रॉयल्स के लिए खेलते हैं और रोमारियो शेफर्ड रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु का हिस्सा हैं।

Advertisement

बंगाल क्रिकेट संघ (कैब) के एक अधिकारी ने कहा कि यह मामला अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट परिषद (आईसीसी) देख रही है। एक अधिकारी ने पीटीआई को बताया, ''इस मामले को पूरी तरह से आईसीसी देख रहा है। हमारे पास वेस्टइंडीज टीम की आवाजाही को लेकर कोई अपडेट नहीं है लेकिन नवीनतम अपडेट के अनुसार वे अब भी यहीं हैं और चार्टर्ड फ्लाइट ढूंढ रहे हैं।'' क्रिकेट वेस्टइंडीज ने पहले कहा था कि वह खिलाड़ियों की सुरक्षित वापसी सुनिश्चित करने के लिए आईसीसी और संबंधित अधिकारियों के साथ काम कर रहा है।

बोर्ड ने एक बयान में कहा, ''क्रिकेट वेस्टइंडीज (सीडब्ल्यूआई) यह बताना चाहता है कि आईसीसी पुरुष टी20 विश्व कप से बाहर होने के बाद वेस्टइंडीज की सीनियर पुरुष टीम के भारत से लौटने में अंतरराष्ट्रीय वायु क्षेत्र की पाबंदियों के कारण देरी हुई है। ये पाबंदियां खाड़ी क्षेत्र में सैन्य कार्रवाई से पैदा हुए सुरक्षा खतरों का सीधा नतीजा हैं जिससे कई अंतरराष्ट्रीय उड़ानों के रूट पर असर पड़ा है और विमान कंपनियों को सुरक्षा कारणों से पूर्व निर्धारित उड़ानों में बदलाव करना पड़ा है।''

बयान के अनुसार, ''सीडब्ल्यूआई इस समय हमारे प्रशंसकों, परिवारों और संबंधित हितधारकों की समझ और चिंता की सराहना करता है।'' इसी वजह से भारत में फंसे जिम्बाब्वे के खिलाड़ी आईसीसी द्वारा इथोपिया में आदिस अबाबा के रास्ते उड़ान का इंतजाम करने के बाद समूहों में घर लौटने लगे हैं।

Advertisement
×