Weightlifting National Championship : ज्ञानेश्वरी ने जीता स्वर्ण पदक, कोयल ने तोड़े 5 राष्ट्रीय रिकॉर्ड
स्वर्ण के साथ इतिहास भी रचा, ज्ञानेश्वरी यादव और कोयल बोर का शानदार दिन
Weightlifting National Championship : ज्ञानेश्वरी यादव ने राष्ट्रीय भारोत्तोलन चैंपियनशिप में शुक्रवार को यहां 53 किलोग्राम वर्ग में स्वर्ण पदक जीता, जबकि कोयल बोर ने युवा और जूनियर वर्गों में पांच राष्ट्रीय रिकॉर्ड तोड़े। अखिल भारतीय पुलिस का प्रतिनिधित्व करने वाली राष्ट्रमंडल चैंपियनशिप की स्वर्ण पदक विजेता ज्ञानेश्वरी ने कुल 186 किलोग्राम (83 किलोग्राम + 103 किलोग्राम) भार उठाकर सीनियर वर्ग में स्वर्ण पदक अपने नाम किया।
पश्चिम बंगाल की कोयल ने कुल 185 किलोग्राम (83 किलोग्राम + 102 किलोग्राम) भार उठाकर ज्ञानेश्वरी से एक किलोग्राम कम भार उठाया और युवा वर्ग में तीन नए राष्ट्रीय रिकॉर्ड तोड़े। उन्होंने स्नैच में 78 किलोग्राम, क्लीन एवं जर्क में 99 किलोग्राम और कुल भार में 175 किलोग्राम के पिछले रिकॉर्ड को पार किया।
उन्होंने जूनियर वर्ग में भी दो राष्ट्रीय रिकॉर्ड बनाए। इसमें स्नैच में 81 किलोग्राम और कुल भार में 181 किलोग्राम का रिकॉर्ड तोड़ना शामिल है। रेलवे खेल संवर्धन बोर्ड की वीरजीत कौर ने कुल 182 किलोग्राम (81 किलोग्राम + 101 किलोग्राम) भार उठाकर तीसरा स्थान हासिल किया।

