न्यू चंडीगढ़ में IPL क्वालिफायर-2 पर मौसम का खतरा, IMD ने जारी किया रेड अलर्ट
Chandigarh Rain Alert: शाम 4 से 9 बजे के बीच भारी बारिश, आंधी और ओलावृष्टि की चेतावनी; गुजरात टाइटंस-राजस्थान रॉयल्स मुकाबले पर संकट
Chandigarh Rain Alert: न्यू चंडीगढ़ स्थित पीसीए इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम में शुक्रवार शाम होने वाले आईपीएल क्वालिफायर-2 मुकाबले पर मौसम का खतरा मंडरा रहा है। भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने भारी बारिश, 70-80 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज आंधी, 90 किलोमीटर प्रति घंटे तक के झोंकों और ओलावृष्टि को लेकर रेड अलर्ट जारी किया है।
गुजरात टाइटंस और राजस्थान रॉयल्स के बीच यह हाई-वोल्टेज मुकाबला शाम 7:30 बजे शुरू होना है, जबकि IMD ने शाम 4 बजे से रात 9 बजे के बीच मौसम के सबसे ज्यादा खराब रहने की आशंका जताई है।
मैच धुला तो गुजरात टाइटंस पहुंचेगी फाइनल में
मौसम विभाग की चेतावनी के कारण मैच पर संकट गहरा गया है। अगर मुकाबला बारिश की वजह से रद्द होता है, तो लीग चरण में बेहतर नेट रन रेट के आधार पर गुजरात टाइटंस आईपीएल फाइनल में पहुंच जाएगी। इसके बाद उसका सामना रविवार को अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम में रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर से होगा।
सुबह राहत, लेकिन शाम को खतरा बरकरार
शुक्रवार सुबह चंडीगढ़ ट्राइसिटी में मौसम अपेक्षाकृत शांत रहा। हल्की हवाएं और बादल छाए रहने के बावजूद रिपोर्ट लिखे जाने तक बारिश नहीं हुई थी। हालांकि मौसम विभाग ने साफ किया है कि शाम तक हालात तेजी से बदल सकते हैं।
गर्मी से भी कुछ राहत मिली है। चंडीगढ़ में न्यूनतम तापमान 23 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से 2.7 डिग्री कम रहा। मोहाली में रात का तापमान 24.2 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया।
हरियाणा के गुरुग्राम में सबसे ज्यादा गिरावट दर्ज हुई, जहां न्यूनतम तापमान सात डिग्री गिरकर 20 डिग्री सेल्सियस पहुंच गया। पंजाब में बठिंडा का न्यूनतम तापमान 22.4 डिग्री सेल्सियस रहा।
हरियाणा में रातभर हुई बारिश
शुक्रवार सुबह 8:30 बजे तक हरियाणा के कई इलाकों में अच्छी बारिश दर्ज की गई। चरखी दादरी में 24.5 मिमी, करनाल में 19 मिमी, महेंद्रगढ़ में 18.5 मिमी और गुरुग्राम में 7 मिमी बारिश हुई। पंजाब में केवल बठिंडा में 0.8 मिमी बारिश रिकॉर्ड की गई।
अगले कुछ दिनों का मौसम
IMD के अनुसार शुक्रवार को चंडीगढ़, पंजाब और हरियाणा में व्यापक बारिश, बिजली चमकने, तेज आंधी और कुछ जगहों पर ओलावृष्टि की संभावना है। मौसम विभाग ने कहा है कि हीटवेव की स्थिति अब खत्म होने लगेगी और अधिकतम तापमान में 6 से 8 डिग्री सेल्सियस तक गिरावट आ सकती है।
शनिवार के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। इस दौरान 50-60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चल सकती हैं और कुछ स्थानों पर भारी बारिश हो सकती है। रविवार को हल्की बारिश की संभावना है, जबकि सोमवार से फिर गर्मी बढ़ने के आसार हैं।
IMD की लोगों को सलाह
मौसम विभाग ने लोगों को खराब मौसम के दौरान सुरक्षित इमारतों में रहने, पेड़ों और बिजली के खंभों से दूर रहने तथा अनावश्यक यात्रा से बचने की सलाह दी है। ओलावृष्टि के दौरान सिर को सुरक्षित रखने और वाहन चलाते समय सुरक्षित स्थान पर रुकने की भी अपील की गई है।
IMD ने चेतावनी दी है कि तेज आंधी और बारिश से बिजली और पानी की आपूर्ति प्रभावित हो सकती है। साथ ही कच्चे मकानों और कमजोर ढांचों को नुकसान पहुंचने की आशंका है।

