Virat Kohli Heartbreak : ‘अगर 140-150 रन बना देता तो'... कोहली के दिल में अब भी बाकी है 2023 WC फाइनल का दर्द
भारत ने उस टूर्नामेंट में लगातार 10 मैच जीतकर फाइनल में जगह बनाई थी
भारतीय क्रिकेट टीम के स्टार बल्लेबाज विराट कोहली ने माना है कि 2023 वनडे विश्व कप के फाइनल में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ मिली हार का मलाल अब भी उनके करियर में ‘थोड़ा सा’ बाकी है। कोहली ने कहा कि अहमदाबाद में खेले गए उस फाइनल में अगर वह 140-150 रन बना पाते तो भारत के पास मैच जीतने का बेहतर मौका होता। उस हार को स्वीकार करना उनके लिए कई दिनों तक मुश्किल रहा था।
जियोस्टार से बातचीत में कोहली ने 2023 विश्व कप फाइनल की याद साझा करते हुए कहा कि उनके मन में उस हार को लेकर अब भी अधूरापन है। भारत ने उस टूर्नामेंट में लगातार 10 मैच जीतकर फाइनल में जगह बनाई थी, लेकिन खिताबी मुकाबले में ऑस्ट्रेलिया से छह विकेट से हार गया था।
54 रन पर आउट होना आज भी याद
कोहली ने कहा कि वह फाइनल में 54 रन पर खेल रहे थे और उन्हें लगा था कि वह बड़ी शतकीय पारी खेल सकते हैं। उनके मुताबिक, अगर वह 140-150 रन तक पहुंचते तो भारत मजबूत स्थिति में होता। हालांकि, पैट कमिंस की गेंद पर वह गेंद को अपने स्टंप्स पर खेल बैठे और उनकी पारी समाप्त हो गई। कोहली ने कहा कि उस समय वह अपने विकेट को गंवाने के बाद कई दिनों तक उस घटना के बारे में सोचते रहे। मैच का रुख जिस तरह बदला, उसे स्वीकार करना काफी मुश्किल था।
‘पूरे टूर्नामेंट की ऊर्जा अलग थी’
कोहली ने कहा कि 2023 विश्व कप में टीम का माहौल शानदार था। खिलाड़ियों के बीच दोस्ती, आपसी सहयोग और खुशी के साथ खेलने की वजह से पूरी टीम को विश्वास था कि यह उनका विश्व कप हो सकता है। उन्होंने हार्दिक पांड्या के चोटिल होकर टूर्नामेंट से बाहर होने का भी जिक्र किया। हार्दिक का बाहर होना टीम के लिए बड़ा झटका था, लेकिन टीम ने आगे की चिंता करने के बजाय अपनी तैयारियों पर ध्यान दिया। इसके बाद मोहम्मद शमी ने शानदार प्रदर्शन करते हुए टीम को मजबूती दी।
टूर्नामेंट में कोहली का शानदार प्रदर्शन
2023 विश्व कप में विराट कोहली भारत के सबसे सफल बल्लेबाज रहे थे। उन्होंने 11 पारियों में 765 रन बनाए थे। उनका बल्लेबाजी औसत 95.62 रहा था। इस दौरान कोहली ने तीन शतक और छह अर्धशतक लगाए थे। फाइनल में भारत ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 240 रन बनाए थे। ऑस्ट्रेलिया ने 47 रन पर तीन विकेट गंवा दिए थे, लेकिन ट्रेविस हेड की 137 रन की शानदार पारी और मार्नस लाबुशेन के अर्धशतक की मदद से ऑस्ट्रेलिया ने लक्ष्य हासिल कर छठी बार वनडे विश्व कप का खिताब अपने नाम किया।

