Virat Golden Duck : क्या फिर शुरू हो गया किंग कोहली का Golden Duck.... पहली गेंद पर ही आउट, दूसरी बार बिना खाता खोले आउट
चार साल बाद फिर डोल्डन डक का शिकार विराट, ऑरेंज कैप भी हाथ से गई
Virat Golden Duck : आईपीएल के 54वें मुकाबले में रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु ने बेहद रोमांचक मैच में मुंबई इंडियंस को 2 विकेट से हराकर शानदार जीत दर्ज की। यह मुकाबला आखिरी गेंद तक चला और क्रिकेट फैंस को भरपूर रोमांच देखने को मिला। हालांकि इस जीत के बावजूद आरसीबी के स्टार बल्लेबाज विराट कोहली के लिए यह मैच बेहद निराशाजनक रहा।
बिना खाता खोले आउट हुए विराट
दरअसल, विराट मैच की पहली ही गेंद पर आउट होकर पवेलियन लौट गए। मुंबई इंडियंस के तेज गेंदबाज दीपक चाहर ने उन्हें शानदार गेंद पर फंसाया। विराट ने ड्राइव खेलने की कोशिश की, लेकिन गेंद उम्मीद से ज्यादा उछली और मिड ऑफ पर खड़े राज बावा ने आसान कैच पकड़ लिया। इस तरह विराट गोल्डन डक का शिकार बन गए।
दूसरी बार पहली गेंद पर आउट
सबसे हैरानी की बात यह रही कि यह लगातार दूसरा मैच था, जब विराट बिना खाता खोले आउट हुए। इससे पहले लखनऊ सुपर जायंट्स के खिलाफ मुकाबले में भी वह शून्य पर आउट हो गए थे। उस मैच में तेज गेंदबाज प्रिंस यादव ने उन्हें बोल्ड किया था। लगातार दो मैचों में जीरो पर आउट होना विराट जैसे बड़े बल्लेबाज के लिए बेहद दुर्लभ माना जाता है।
चार साल बाद फिर गोल्डन डक...
इस खराब प्रदर्शन के साथ विराट कोहली ने एक शर्मनाक रिकॉर्ड भी अपने नाम कर लिया। चार साल बाद ऐसा हुआ है जब वह लगातार दो आईपीएल मैचों में बिना रन बनाए आउट हुए हैं। इससे पहले साल 2022 में वह लगातार दो मुकाबलों में शून्य पर आउट हुए थे। उस समय लखनऊ सुपर जायंट्स और सनराइजर्स हैदराबाद के खिलाफ उनका बल्ला नहीं चला था।
विराट कोहली के लिए यह रिकॉर्ड इसलिए भी ज्यादा चौंकाने वाला है क्योंकि साल 2018 से 2025 तक उन्होंने रन चेज के दौरान एक बार भी जीरो पर विकेट नहीं गंवाया था लेकिन इस सीजन में लगातार दो रन चेज में उनका खाता तक नहीं खुल पाया। इससे उनकी फॉर्म को लेकर चर्चा तेज हो गई है।
ऑरेंज कैप भी हाथ से गई
कुछ मैच पहले तक विराट ऑरेंज कैप की रेस में बने हुए थे और एक समय उनके पास ऑरेंज कैप भी पहुंच चुकी थी। लेकिन लगातार दो खराब पारियों के बाद वह अब सबसे ज्यादा रन बनाने वाले बल्लेबाजों की सूची में 10वें स्थान पर पहुंच गए हैं। फिलहाल उनके नाम 377 रन हैं।
हालांकि क्रिकेट में उतार-चढ़ाव हर खिलाड़ी के करियर का हिस्सा होते हैं। विराट कोहली के फैंस को उम्मीद है कि वह जल्द ही शानदार वापसी करेंगे।

