Tribune
PT
Subscribe To Print Edition About the Dainik Tribune Code Of Ethics Advertise with us Classifieds Download App
Add Tribune As Your Trusted Source
search-icon-img
Advertisement

अफगानिस्तान के खिलाफ दूसरा T20I कल, वरुण चक्रवर्ती के बाहर होने से बढ़ी मुश्किल; दूसरे T20I में क्या होगा भारत का प्लान?

वरुण चोट के कारण बाहर, पांचवें गेंदबाज को लेकर दुविधा, भारत की नजरें श्रृंखला जीतने पर

  • fb
  • twitter
  • whatsapp
  • whatsapp
Advertisement

India vs Afghanistan : पहले मैच में बड़ी जीत से उत्साहित भारतीय टीम अफगानिस्तान के खिलाफ मंगलवार को यहां होने वाले दूसरे टी20 अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट मैच में जीत दर्ज करके श्रृंखला में अजेय बढ़त हासिल करने की कोशिश करेगी और इस दौरान पांचवें गेंदबाज की समस्या का समाधान भी निकालना चाहेगी। हार्दिक पंड्या के चोटिल होने के कारण भारतीय टीम में पांचवें विश्वसनीय गेंदबाजी विकल्प की कमी महसूस हो रही है। सोमवार को मांसपेशियों में खिंचाव के कारण वरुण चक्रवर्ती के बाहर होने से भारत के लिए पांचवें गेंदबाज का विकल्प चुनने की समस्या और बढ़ गई है।

विश्व कप विजेता भारत ने रविवार को यहां एकतरफा मुकाबले में अफगानिस्तान को सात विकेट से हराकर खेल के सबसे छोटे प्रारूप में शानदार वापसी की। श्रेयस अय्यर की टीम ने पहले मैच में हर मोर्चे पर शानदार प्रदर्शन किया। तेज गेंदबाज अर्शदीप सिंह और सलामी बल्लेबाज अभिषेक शर्मा ने इस जीत में महत्वपूर्ण योगदान दिया। अर्शदीप ने 19 रन देकर तीन विकेट लिए और अफगानिस्तान को आठ विकेट पर 156 रन पर रोकने में अहम भूमिका निभाई। इसके बाद अभिषेक ने ताबड़तोड़ बल्लेबाजी करते हुए 32 गेंदों में 82 रन बनाए जिससे भारत ने 13.4 ओवर में लक्ष्य हासिल कर दिया।

Advertisement

हालांकि चक्रवर्ती ने जुलाई में इंग्लैंड दौरे के दौरान लगी चोट से उबरने के बाद सीरीज के पहले मुकाबले में एक विकेट हासिल किया था, लेकिन सोमवार को मांसपेशियों में खिंचाव के कारण उन्हें पूरी सीरीज से बाहर कर दिया गया। इसके साथ ही आगामी एशियाई खेलों में उनके खेलने पर भी संशय पैदा हो गया है। उनकी गैरमौजूदगी से भारत के गेंदबाजी आक्रमण में एक बड़ी कमी पैदा हो गई है और भारत के लिए इस कमी को दूर करना जरूरी होगा क्योंकि इसी सप्ताह के अंत में टीम का ध्यान एशियाई खेलों में स्वर्ण पदक जीतने पर होगा। जसप्रीत बुमराह ने भी चोट से वापसी करते हुए अच्छा प्रदर्शन किया, लेकिन भारत को इस महीने के आखिर में होने वाले एशियाई खेलों से पहले पांचवें गेंदबाज की समस्या का समाधान करना होगा।

Advertisement

अय्यर को उस स्थान की भरपाई करने में काफी मशक्कत करनी पड़ी क्योंकि ऑलराउंडर शिवम दुबे और नीतीश कुमार रेड्डी अपेक्षित प्रदर्शन नहीं कर सके। रेड्डी के दो ओवरों में 30 रन लुटाए जबकि आखिरी ओवर में गेंद संभालने वाले दुबे ने 21 रन दिए। अभिषेक ने भी एक ओवर किया। इस तरह तीनों ने मिलकर अपने चार ओवरों में 59 रन लुटाए। अर्शदीप, बुमराह, अक्षर पटेल और चक्रवर्ती के अच्छे प्रदर्शन से भारत को पांचवें गेंदबाजी के विकल्पों का खराब प्रदर्शन भारी नहीं पड़ा। लेकिन चक्रवर्ती की गैरमौजूदगी से अय्यर की मुश्किलें बढ़ जाएंगी क्योंकि एशियाई खेल सामने हैं और वह टीम में गेंदबाजी के लिए एक अधिक स्थिर और भरोसेमंद विकल्प चाहते होंगे। अय्यर उनकी जगह लेग स्पिनर रवि बिश्नोई को टीम में शामिल कर सकते हैं या फिर ऑफ स्पिन ऑलराउंडर वॉशिंगटन सुंदर को मौका दे सकते हैं।

बल्लेबाजी की बात करें तो अभिषेक ने अपनी तूफानी पारी से अपनी फॉर्म को लेकर उठ रही शंकाओं को दूर कर दिया। शानदार फॉर्म में चल रहे ईशान किशन ने अभ्यास के दौरान पीठ पर लगी मामूली चोट को दरकिनार करते हुए 33 गेंदों में 42 रन बनाए, जिसमें पांच चौके और एक छक्का शामिल था। सलामी बल्लेबाज संजू सैमसन (10) को हालांकि टीम में अपनी जगह बनाए रखने के लिए बड़ी पारी खेलनी होगी। केरल के इस बल्लेबाज ने भारत की टी20 विश्व कप जीत में अहम भूमिका निभाई थी, लेकिन इसके बाद उनका प्रदर्शन अच्छा नहीं रहा तथा उन्होंने अफगानिस्तान के खिलाफ श्रृंखला से पहले चार पारियों में केवल 33 रन बनाए। सैमसन को शानदार फॉर्म में चल रहे युवा खिलाड़ी वैभव सूर्यवंशी से कड़ी चुनौती का सामना करना पड़ रहा है। उन्हें जल्द से जल्द बड़ा स्कोर बनाना होगा जिससे कि वह एशियाई खेलों के लिए अंतिम एकादश में अपनी जगह सुरक्षित बनाए रखें।

पहले मैच में अफगानिस्तान भारत के सामने कहीं नहीं टिक पाया। उसके बल्लेबाज और गेंदबाज दोनों ने अच्छा प्रदर्शन नहीं किया। अगर उसे भारत को कड़ी चुनौती देनी है तो उसके बल्लेबाजों को अच्छा प्रदर्शन करना होगा। रहमानुल्लाह गुरबाज और कप्तान इब्राहिम जादरान के जल्दी आउट होने से अफगानिस्तान दबाव में आ गया। उसने सातवें ओवर में ही 43 रन पर अपने आधे विकेट गंवा दिए थे। मोहम्मद नबी और अजमतुल्लाह उमरज़ई की साझेदारी ने उम्मीद जगाई, लेकिन उसके बाकी बल्लेबाजों को भी अच्छा प्रदर्शन करना होगा। अफगानिस्तान के कप्तान इब्राहिम जादरान ने रविवार को कहा, ''हमने तीन ओवरों में अच्छी शुरुआत की, लेकिन उसके बाद हम अच्छा योगदान नहीं दे पाए। हमने लगातार विकेट गंवाए और उन्होंने हम पर दबाव बना दिया। हमने बीच के ओवरों में अच्छी बल्लेबाजी की, लेकिन हम उतने रन नहीं बना पाए जितने हम चाहते थे।''

टीम इस प्रकार हैं: (मैच शाम 7:30 बजे शुरू होगा।)

भारत: श्रेयस अय्यर (कप्तान), संजू सैमसन (विकेटकीपर), अभिषेक शर्मा, ईशान किशन (विकेटकीपर), तिलक वर्मा, नितीश कुमार रेड्डी, शिवम दुबे, वॉशिंगटन सुंदर, अक्षर पटेल, जसप्रीत बुमराह, अर्शदीप सिंह, वैभव सूर्यवंशी, यश ठाकुर, रवि बिश्नोई।

अफगानिस्तान: इब्राहिम जादरान (कप्तान), दरविश रसूली, नूर उल रहमान, रहमानुल्लाह गुरबाज़ (विकेटकीपर), सेदिकुल्लाह अटल, अजमतुल्लाह उमरजई, राशिद खान, मोहम्मद नबी, गुलबदीन नाइब, नांगेलिया खारोटे, अब्दुल्ला अम्हेदजई, फजलहक फारूकी, नवीन-उल-हक, मुजीब उर रहमान, नूर अहमद।

Advertisement
×