Tribune
PT
Subscribe To Print Edition About the Dainik Tribune Code Of Ethics Advertise with us Classifieds Download App
search-icon-img
Advertisement

T20 World Cup : सूर्यकुमार का अर्धशतक, चैंपियन की चाल बरकरार; टीम इंडिया ने USA को 29 रनों से दी मात

भारतीय टीम अब ग्रुप ए के अपने दूसरे मुकाबले में 12 फरवरी को नामीबिया से भिड़ेगी

  • fb
  • twitter
  • whatsapp
  • whatsapp
Advertisement

T20 World Cup : गत चैंपियन भारत ने कप्तान सूर्यकुमार यादव की दबाव में खेली गई 84 रन की नाबाद पारी के बाद मोहम्मद सिराज (29 रन देकर 3 विकेट) की अगुआई में अनुशासित गेंदबाजी से शनिवार को यहां आईसीसी टी20 विश्व कप के शुरूआती मैच में अमेरिका को 29 रन से हराकर अपना अभियान शुरू किया। भारतीय टीम अब ग्रुप ए के अपने दूसरे मुकाबले में 12 फरवरी को नामीबिया से भिड़ेगी।

खिताब के प्रबल दावेदार भारत के लिए सूर्यकुमार अपने घरेलू मैदान वानखेड़े स्टेडियम में दबाव भरी परिस्थिति में संभलकर खेलते हुए अंत तक डटे रहे। उन्होंने 49 गेंद की नाबाद पारी में 10 चौके और चार छक्के जड़े। इससे शीर्ष और मध्यक्रम में सामूहिक बल्लेबाजी नाकामी के बावजूद भारत नौ विकेट पर 161 रन बनाने में कामयाब रहा क्योंकि विकेटों के गिरने से एक समय ऐसा लग रहा था कि पारी बहुत जल्दी खत्म हो जाएगी। इस लक्ष्य का पीछा करते हुए अमेरिका की टीम 20 ओवर में आठ विकेट पर 132 रन ही बना सकी।

Advertisement

उसके लिए संजय कृष्णमूर्ति और शुभम रंजने ने 37-37 रन तथा मिलिंद कुमार ने 34 रन बनाए। भारत के नई गेंद के गेंदबाज अर्शदीप सिंह (18 रन देकर दो विकेट) और सिराज ने अच्छी शुरूआत की, जिससे अमेरिका की टीम 10 ओवर में तीन विकेट पर 49 रन ही बना सकी। भारतीय टीम के मुख्य तेज गेंदबाज जसप्रीत बुमराह के अस्वस्थ होने के कारण सिराज को अंतिम एकादश में शामिल किया गया, वह दोनों गेंदबाजों में सबसे ज्यादा खतरनाक थे। उन्होंने अमेरिका के दोनों सलामी बल्लेबाज एंड्रीस गॉस (06) और साईतेजा मुक्कमल्ला (02) को आउट किया। उन्होंने पारी की आखिरी गेंद पर रंजने की पारी भी समाप्त की।

Advertisement

अर्शदीप (18 रन देकर दो विकेट) ने कप्तान मोनांक पटेल को शून्य पर आउट कर दिया, जिससे अमेरिका की टीम चौथे ओवर में 13 रन पर तीन विकेट गंवाकर मुश्किल में आ गई। वरुण चक्रवर्ती ने 12वें ओवर में मिलिंद कुमार (34 रन) को विकेटकीपर ईशान किशन के हाथों स्टंप आउट कराया। अक्षर पटेल (24 रन देकर दो विकेट) ने 16वें ओवर में संजय कृष्णमूर्ति (37 रन) और हरमीत सिंह (शून्य) के दो विकेट झटके जिससे अमेरिका का स्कोर छह विकेट पर 98 रन था। इससे पहले बल्लेबाजी का न्योता मिलने के बाद सूर्यकुमार के अलावा मेजबान टीम के केवल तीन बल्लेबाज ही दोहरे अंक तक पहुंच सके, जिसमें तिलक वर्मा ने 25 रन और ईशान किशन ने 20 रन का योगदान दिया।

Advertisement
×