T20 World Cup : आखिरी समय पर शामिल स्कॉटलैंड ने टीम घोषित की, अफगान मूल के अनकैप्ड तेज गेंदबाज को मौका
Bangladesh के हटने के बाद टूर्नामेंट में मिली जगह
T20 World Cup : आईसीसी टी20 वर्ल्ड कप में आखिरी समय पर शामिल की गई स्कॉटलैंड क्रिकेट टीम ने भारत और श्रीलंका में 7 फरवरी से शुरू हो रहे टूर्नामेंट के लिए अपनी 15 सदस्यीय टीम की घोषणा कर दी है। सुरक्षा कारणों का हवाला देते हुए भारत में खेलने से इनकार करने वाली बांग्लादेश की जगह स्कॉटलैंड को टूर्नामेंट में शामिल किया गया है।
टीम में अफगान मूल के अनकैप्ड तेज गेंदबाज जैनुल्लाह इहसान को शामिल किया गया है, जो पहली बार सीनियर वर्ल्ड कप खेलेंगे। रिची बेरींगटन को टीम की कप्तानी सौंपी गई है।
नए हेड कोच ओवेन डॉकिन्स के कार्यभार संभालने के बाद यह उनकी पहली चयनित टीम है। स्क्वाड में 2024 टी20 वर्ल्ड कप का हिस्सा रहे 11 खिलाड़ी शामिल हैं। टॉम ब्रूस, फिनले मैकक्रेथ और ओलिवर डेविडसन भी पहली बार टी20 वर्ल्ड कप में खेलते नजर आएंगे।
क्रिकेट स्कॉटलैंड ने स्पष्ट किया है कि खिलाड़ियों और सहयोगी स्टाफ की भागीदारी वीजा मंजूरी पर निर्भर करेगी। सीमित समय को देखते हुए दो ट्रैवलिंग और तीन नॉन-ट्रैवलिंग रिजर्व भी चुने गए हैं। ग्रुप सी में स्कॉटलैंड का मुकाबला इटली, वेस्टइंडीज, इंग्लैंड और नेपाल से होगा।
टीम
रिची बेरींगटन (कप्तान), टॉम ब्रूस, मैथ्यू क्रॉस, ब्रैडली करी, ओलिवर डेविडसन, क्रिस ग्रीव्स, जैनुल्लाह इहसान, माइकल जोन्स, माइकल लीस्क, फिनले मैकक्रेथ, ब्रैंडन मैकमुलन, जॉर्ज मुनसी, सफयान शरीफ, मार्क वाट, ब्रैडली व्हील
ट्रैवलिंग रिजर्व : जैस्पर डेविडसन, जैक जार्विस
नॉन-ट्रैवलिंग रिजर्व : मैकेंज़ी जोन्स, क्रिस मैकब्राइड, चार्ली टियर

