T20 World Cup Final : बनारसी साड़ी में दिखा क्रिकेट का जादू, भारतीय टीम को मिलेगा खास तोहफा; टी20 ट्रॉफी भी चमकी
एक साड़ी को तैयार करने में करीब 25 से 30 हजार रुपये की लागत आई
T20 World Cup Final : वाराणसी के बुनकरों ने क्रिकेट की विषय वस्तु पर आधारित 15 विशेष बनारसी साड़ियां तैयार की हैं, जिन्हें आईसीसी पुरुष टी20 विश्व कप के फाइनल के बाद भारतीय टीम के खिलाड़ियों को उपहार के रूप में भेजा जाएगा।
लघु उद्योग भारती के काशी प्रांत सचिव सर्वेश श्रीवास्तव ने रविवार को बताया कि इन साड़ियों में भारत द्वारा जीते गए सभी विश्व कप की ट्रॉफी को उनके वर्ष के साथ डिजाइन किया गया है। साथ ही इस साल की ट्रॉफी को भी साड़ी के डिजाइन में जगह दी गई है। पारंपरिक बनारसी पैटर्न में तैयार की गई इन साड़ियों के 'बॉर्डर' पर बैट, बाल और क्रिकेट से जुड़े विशेष डिजाइन बनाए गए हैं।
हर साड़ी को अलग-अलग डिब्बे में पैक किया गया है। इनमें से शादीशुदा खिलाड़ियों को भेंट की जाने वाली साड़ियों में उनकी पत्नी के साथ उनकी तस्वीरें और अविवाहित खिलाड़ियों को दी जाने वाली साड़ियों में उनकी अपनी तस्वीर लगाई गई है।
श्रीवास्तव ने बताया कि एक साड़ी को तैयार करने में करीब 25 से 30 हजार रुपये की लागत आई है और इसे बनाने में कारीगरों को करीब डेढ़ महीने का समय लगा है। इस पहल का उद्देश्य भारतीय क्रिकेट टीम का उत्साह बढ़ाना और बनारसी साड़ी की कला को देश-दुनिया तक पहुंचना है।

