T20 World Cup : इंग्लैंड टी20 विश्व कप के सेमीफाइनल में, पाकिस्तान 2 विकेट से पराजित
इंग्लैंड ने 19.1 ओवर में आठ विकेट पर लक्ष्य हासिल कर लिया
कप्तान हैरी ब्रुक की टी20 अंतरराष्ट्रीय में करियर की सर्वश्रेष्ठ 100 रन की पारी से इंग्लैंड ने आईसीसी टी20 विश्व कप के सुपर 8 चरण के रोमांचक मैच में पाकिस्तान को पांच गेंद शेष रहते दो विकेट से हराकर सेमीफाइनल में अपनी जगह पक्की कर ली। शानदार लय में चल रहे साहिबजादा फरहान की 45 गेंद में 63 रन की पारी से पाकिस्तान ने नौ विकेट पर 164 रन का प्रतिस्पर्धी स्कोर खड़ा किया था।
'प्लेयर ऑफ द मैच' ब्रुक की 51 गेंद में 10 चौके और चार छक्के जडे। टी20 अंतरराष्ट्रीय में उनके पहले शतक से इंग्लैंड ने पांच गेंद शेष रहते आठ विकेट पर 166 रन बनाकर रोमांचक जीत दर्ज की। ब्रुक ने पावरप्ले में तीन और 58 रन तक चार विकेट गंवाने के बावजूद पांचवें विकेट के लिए सैम कुरेन (15 गेंद में 16 रन) के साथ 28 गेंद में 45 और विल जैक्स (23 गेंद में 28 रन) के साथ छठे विकेट के लिए 31 गेंद में 52 रन की साझेदारी कर टीम को जीत दिलाई। यह टी20 विश्व कप के इतिहास में इंग्लैंड के किसी कप्तान द्वारा बनाया गया सर्वोच्च स्कोर भी है। इंग्लैंड लगातार पांचवीं बार टी20 विश्व कप के सेमीफाइनल में पहुंचा है। वह मौजूदा सत्र में ऐसा करने वाला देश है।
पाकिस्तान के लिए शाहीन शाह अफरीदी ने चार जबकि उस्मान तारिक और मोहम्मद नवाज ने दो-दो विकेट लिए। टीम में वापसी कर रहे अफरीदी ने लक्ष्य का बचाव करते हुए पहली गेंद पर ही फिल सॉल्ट को चलता करने के बाद अपने अगले ओवर में खराब लय में चल रहे जोस बटलर (दो) को पवेलियन की राह दिखा दी। दोनों का कैच विकेटकीपर उस्मान खान ने पकड़ा।
सलमान मिर्जा के खिलाफ छक्का जड़ने वाले ब्रुक ने सईम अयूब की गेंद को बाउंड्री के दर्शन कराए। अफरीदी की गेंद पर बड़ा शॉट खेलने की कोशिश में जैकब बेथल (आठ) डीप स्क्वायर लेग पर फरहान के द्वारा लपके गए। ब्रुक ने मोहम्मद नवाज के खिलाफ दो चौके लगाने के बाद बैकफुट से छक्का जड़ पावरप्ले को खत्म किया जिससे टीम का स्कोर तीन विकेट पर 53 रन हो गया। आठवें ओवर में गेंदबाजी के लिए आये उस्मान तारिक ने पहली ही गेंद पर टॉम बैंटम (दो) को चलता कर इंग्लैंड को चौथा झटका दिया।
ब्रुक ने 10वें ओवर में अयूब की गेंद पर एक रन चुराकर 28 गेंद में अपना अर्धशतक पूरा किया। उन्होंने अगले ओवर में शादाब के खिलाफ दो चौके और छक्का लगाकर मैच पर टीम का दबदबा कायम करना शुरू किया था कि कुरेन ने तारिक की गेंद पर बड़ा शॉट खेलने की कोशिश में नवाज को कैच दे दिया। विल जैक्स ने क्रीज पर आते ही सलमान मिर्जा की गेंद को दर्शकों के पास पहुंचाया।
बुक और जैक्स ने इसके बाद बड़े शॉट खेलने की जगह दौड़ कर रन चुराने पर ध्यान दिया। जब जरूरी रन और गेंद का फासला बढ़ा तो जैक्स ने तारिक के खिलाफ अपनी पारी का दूसरा छक्का जड़ दबाव को हावी नहीं होने दिया। ब्रुक ने अफरीदी के खिलाफ लगातार गेंदों पर छक्का और चौका लगाकर 50 गेंद में अपना शतक पूरा किया।

