T20 World Cup : टी20 विश्व कप में पाकिस्तान की भागीदारी पर फैसला शुक्रवार या सोमवार को
T20 World Cup : पाकिस्तान ने पुरुष टी20 विश्व कप में अपनी भागीदारी को लेकर सस्पेंस बरकरार रखा है। पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड के अनुसार अंतिम फैसला शुक्रवार या अगले सोमवार को लिया जाएगा। यह जानकारी पीसीबी अध्यक्ष मोहसिन नक़वी की...
T20 World Cup : पाकिस्तान ने पुरुष टी20 विश्व कप में अपनी भागीदारी को लेकर सस्पेंस बरकरार रखा है। पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड के अनुसार अंतिम फैसला शुक्रवार या अगले सोमवार को लिया जाएगा। यह जानकारी पीसीबी अध्यक्ष मोहसिन नक़वी की प्रधानमंत्री शहबाज़ शरीफ से मुलाकात के बाद सामने आई।
मोहसिन नक़वी ने सोशल मीडिया पर बताया कि इस बैठक में आईसीसी से जुड़े पूरे मसले पर विस्तार से चर्चा हुई। उनके मुताबिक प्रधानमंत्री ने निर्देश दिए हैं कि सभी विकल्प खुले रखते हुए समाधान निकाला जाए। नक़वी ने कहा कि सहमति बनी है कि अंतिम निर्णय शुक्रवार या अगले सोमवार को लिया जाएगा।
सूत्रों के अनुसार प्रधानमंत्री शहबाज़ शरीफ ने पीसीबी अध्यक्ष से कहा है कि पाकिस्तान को बांग्लादेश का हर संभव समर्थन करना चाहिए। बांग्लादेश को हाल ही में टूर्नामेंट से बाहर कर दिया गया है और इस मुद्दे पर पाकिस्तान की भूमिका पर गंभीरता से विचार किया जा रहा है।
सूत्रों का कहना है कि प्रधानमंत्री को कई संभावित परिदृश्यों से अवगत कराया गया, जिनमें टी20 विश्व कप में टीम न भेजने का विकल्प भी शामिल है। इसके अलावा यह भी विचार हुआ कि यदि इससे बांग्लादेश क्रिकेट को किसी तरह का लाभ होता है तो पाकिस्तान टूर्नामेंट में हिस्सा तो ले लेकिन सह-मेजबान भारत के खिलाफ होने वाले हाई-प्रोफाइल मुकाबले का बहिष्कार करे। यह मैच 15 फरवरी को कोलंबो में प्रस्तावित है।
पीसीबी पहले ही स्पष्ट कर चुका है कि बांग्लादेश के बाहर होने के बाद बने हालात को देखते हुए पाकिस्तान की भागीदारी पर अंतिम फैसला सरकार ही करेगी। बांग्लादेश ने भारत में सुरक्षा चिंताओं का हवाला देते हुए अपने मैच श्रीलंका में कराने की मांग की थी, लेकिन अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट परिषद ने यह कहते हुए अनुरोध खारिज कर दिया कि कोई ठोस और सत्यापित खतरा मौजूद नहीं है। इसके बाद बांग्लादेश की जगह स्कॉटलैंड को बीस टीमों के इस टूर्नामेंट में शामिल किया गया।
पाकिस्तान का अभियान 7 फरवरी को कोलंबो में नीदरलैंड्स के खिलाफ शुरू होना तय है। इसके बाद 10 फरवरी को अमेरिका, 15 फरवरी को भारत और 18 फरवरी को नामीबिया के खिलाफ मुकाबले निर्धारित हैं।
पीसीबी ने रविवार को अपनी 15 सदस्यीय टीम की घोषणा की थी, जिसमें अनुभवी बाबर आज़म को शामिल किया गया है, जबकि हारिस रऊफ को बाहर रखा गया है। टीम की कप्तानी सलमान अली आगा करेंगे।

