T20 World Cup 2026 : आयरलैंड के मैच श्रीलंका में ही होंगे, बांग्लादेश के ग्रुप बदलने के प्रस्ताव पर आईसीसी अडिग
T20 World Cup 2026 को लेकर जारी अटकलों के बीच क्रिकेट आयरलैंड ने साफ कर दिया है कि उसके ग्रुप चरण के मैच श्रीलंका से नहीं हटाए जाएंगे। क्रिकेट आयरलैंड ने बताया कि अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट परिषद ने उन्हें स्पष्ट और...
T20 World Cup 2026 को लेकर जारी अटकलों के बीच क्रिकेट आयरलैंड ने साफ कर दिया है कि उसके ग्रुप चरण के मैच श्रीलंका से नहीं हटाए जाएंगे। क्रिकेट आयरलैंड ने बताया कि अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट परिषद ने उन्हें स्पष्ट और अंतिम आश्वासन दिया है कि तय कार्यक्रम में कोई बदलाव नहीं होगा।
यह प्रतिक्रिया उन रिपोर्टों के बाद आई, जिनमें कहा गया था कि बांग्लादेश क्रिकेट बोर्ड ने सुरक्षा चिंताओं का हवाला देते हुए आयरलैंड के साथ ग्रुप बदलने का प्रस्ताव आईसीसी के सामने रखा है।
क्रिकबज से बातचीत में क्रिकेट आयरलैंड के एक अधिकारी ने कहा कि हमें निर्णायक आश्वासन मिला है कि हम मूल शेड्यूल के अनुसार ही खेलेंगे और हमारे सभी ग्रुप चरण के मुकाबले श्रीलंका में ही होंगे।
टी20 विश्व कप 2026 में आयरलैंड को ग्रुप बी में रखा गया है, जहां ऑस्ट्रेलिया, श्रीलंका, जिम्बाब्वे और ओमान भी शामिल हैं। कार्यक्रम के अनुसार आयरलैंड के पहले तीन मैच कोलंबो में जबकि अंतिम ग्रुप मैच पल्लेकेले में खेला जाएगा।
वहीं बांग्लादेश ग्रुप सी में इंग्लैंड, वेस्टइंडीज, नेपाल और इटली के साथ है। मौजूदा शेड्यूल के तहत बांग्लादेश के तीन मुकाबले कोलकाता और एक मैच मुंबई में प्रस्तावित हैं। बीसीबी ने भारत में खेलने को लेकर सुरक्षा से जुड़ी आपत्तियां जताते हुए आईसीसी से अनुरोध किया था कि उसके ग्रुप मैच श्रीलंका में कराए जाएं।
इस मुद्दे पर चर्चा के लिए आईसीसी की दो सदस्यीय टीम हाल ही में ढाका पहुंची। टीम में गौरव सक्सेना, महाप्रबंधक इवेंट्स और कॉरपोरेट कम्युनिकेशन, तथा एंड्रयू एफग्रेव, महाप्रबंधक इंटीग्रिटी यूनिट शामिल थे। सक्सेना समय पर वीजा न मिलने के कारण वर्चुअली बैठक में जुड़े, जबकि एफग्रेव बैठक में स्वयं मौजूद रहे।
बैठक के बाद जारी बयान में बीसीबी ने कहा कि उसने औपचारिक रूप से आईसीसी से बांग्लादेश के मैच श्रीलंका स्थानांतरित करने का अनुरोध दोहराया है। बोर्ड ने खिलाड़ियों, दर्शकों, मीडिया और अन्य हितधारकों की सुरक्षा को लेकर बांग्लादेश सरकार की चिंताओं से भी आईसीसी को अवगत कराया।
हालांकि, क्रिकेट आयरलैंड के बयान के बाद यह स्पष्ट हो गया है कि आयरलैंड के कार्यक्रम में किसी भी तरह का बदलाव नहीं किया जाएगा और आईसीसी फिलहाल तय शेड्यूल पर ही कायम है।

