Tribune
PT
Subscribe To Print Edition About the Dainik Tribune Code Of Ethics Advertise with us Classifieds Download App
search-icon-img
Advertisement

वनडे में जगह पक्की करने की तैयारी, रोहित ने दिए सिराज को बल्लेबाजी के टिप्स; पंत को लगी चोट

पहला मैच रविवार को यहां बड़ौदा क्रिकेट संघ स्टेडियम में खेला जाएगा

  • fb
  • twitter
  • whatsapp
  • whatsapp
Advertisement

तेज गेंदबाज मोहम्मद सिराज ने अपनी बल्लेबाजी में सुधार करके वनडे टीम में अपनी जगह पक्की करने के इरादे से न्यूजीलैंड के खिलाफ रविवार से शुरू होने वाली वनडे श्रृंखला से पहले शनिवार को यहां पूर्व कप्तान रोहित शर्मा से बल्लेबाजी के टिप्स लिए। वहीं ऋषभ पंत को अभ्यास सत्र के दौरान चोट लगने के बाद थोड़ी देर के लिए उपचार लेने की जरूरत पड़ी।

रोहित तब नेट के बाहर इंतजार कर रहे थे, जब जल्दी बल्लेबाजी करने के लिए उतरे सिराज गेंद को जोर से मारने की कोशिश में चूक गए। भारतीय सलामी बल्लेबाज ने फिर तेज गेंदबाज को कुछ टिप्स दिए। सिराज ने भारत के वैकल्पिक अभ्यास सत्र के दौरान केवल बल्लेबाजी का अभ्यास किया। भारतीय टीम के कई अन्य सदस्यों ने भी अभ्यास सत्र में हिस्सा लिया।

Advertisement

विजय हजारे ट्रॉफी में गुरुवार को पंजाब के खिलाफ मुंबई की एक रन से करीबी हार में कप्तानी करने वाले भारतीय उप-कप्तान श्रेयस अय्यर ने केएल राहुल के साथ बल्लेबाजी का अभ्यास किया, जबकि पंत और रविंद्र जडेजा ने भी नेट पर पर्याप्त समय बिताया। सिराज, अय्यर और पंत अपने अपने राज्यों की टीम से विजय हजारे ट्रॉफी में हिस्सा लेकर यहां पहुंचे हैं।

Advertisement

उन्होंने 50 ओवर के इस टूर्नामेंट में अपना अंतिम मैच आठ जनवरी को खेला था। हालांकि पंत भारतीय थ्रोडाउन विशेषज्ञों के खिलाफ बल्लेबाजी करते समय कमर के ठीक ऊपर चोट लगने से दर्द से कराह उठे और टीम के सहायक कर्मचारियों और मुख्य कोच गौतम गंभीर सहित अन्य सदस्य तुरंत ही उनका हाल-चाल जानने के लिए उनके पास पहुंच गए।

प्रारंभिक उपचार के बाद पंत बीसीए स्टेडियम के ग्राउंड बी मैदान से बाहर चले गए, जहां भारतीय कप्तान शुभमन गिल को चयन समिति के अध्यक्ष अजीत अगरकर के साथ लंबी बातचीत करते हुए देखा गया। भारत और न्यूजीलैंड के बीच तीन वनडे मैचों की श्रृंखला का पहला मैच रविवार को यहां बड़ौदा क्रिकेट संघ स्टेडियम में खेला जाएगा। दूसरा वनडे 14 जनवरी को राजकोट और तीसरा वनडे 18 जनवरी को इंदौर में खेला जाएगा।

Advertisement
×