Tribune
PT
Subscribe To Print Edition About the Dainik Tribune Code Of Ethics Advertise with us Classifieds Download App
Add Tribune As Your Trusted Source
search-icon-img
Advertisement

आठवें स्थान से खुश नहीं... हॉकी कप्तान हरमनप्रीत ने टीम की सबसे बड़ी कमजोरी बताई, विश्व कप से भारत को मिला बड़ा सबक

खेल हॉकी कप भारत हरमनप्रीत डिफेंस में और सुधार करने की जरूरत है : कप्तान हरमनप्रीत सिंह

  • fb
  • twitter
  • whatsapp
  • whatsapp
Advertisement

Hockey World Cup : भारतीय हॉकी टीम के कप्तान हरमनप्रीत सिंह ने विश्व कप में अभियान के समापन के बाद कहा कि आठवें स्थान पर रहने से वह खुश नहीं है लेकिन पूरे टूर्नामेंट में डिफेंस में उनकी टीम को अच्छा सबक मिला है और आगे इसमें सुधार करना होगा। सह मेजबान बेल्जियम से आखिरी मैच में पेनल्टी शूटआउट में 3 -4 से हारने के बाद भारतीय टीम आठवें स्थान पर रही। पूर्व चैम्पियन बेल्जियम ने आखिरी मिनट तक 3 -2 से बढत बना ली थी लेकिन हूटर से 26 सेकंड पहले हरमनप्रीत ने पेनल्टी कॉर्नर पर गोल करके मैच को पेनल्टी शूटआउट तक खींच दिया जिसमें बेल्जियम ने बाजी मारी।

हरमनप्रीत ने कहा, '' दोनों टीमें ही इस पोजिशन के लिये खेलना नहीं चाहती थी और दोनों की स्थिति एक सी थी लेकिन दुनिया की शीर्ष टीम के खिलाफ उसके दर्शकों के सामने खेलना और एक टीम के रूप में अच्छा प्रदर्शन करना बड़ी बात है। हमने अब तक पूरे साठ मिनट अच्छे प्रदर्शन की बात की थी जो आज देखने को मिली। हम प्रदर्शन से खुश हैं लेकिन आठवें स्थान से नहीं लेकिन यह सफर है और अब हमारा अगला लक्ष्य एशियाई खेल है। उसमें स्वर्ण पदक जीतकर लॉस एंजिलिस ओलंपिक के लिये क्वालीफाई करना चाहते हैं।''

Advertisement

उन्होंने कहा कि बड़ी टीमों के खिलाफ डिफेंस बेहतर रखने पर टीम को काम करना होगा। कोई व्यक्तिगत लक्ष्य नहीं है। जीतते हैं तो टीम के रूप में और हारते हैं तो भी टीम की जिम्मेदारी है। पूरे टूर्नामेंट में डिफेंस में अच्छा सबक मिला है कि एक टीम के रूप में अच्छा बचाव नहीं कर रहे तो बड़ी टीमें आपको परेशान करेंगी। हमें डिफेंस में और मजबूत होना होगा। इसी एक क्षेत्र में हम पीछे रह गए। बेल्जियम के खिलाफ अनुभवी मिडफील्डर मनप्रीत सिंह को लगी चोट के बारे में उन्होंने कहा ,'' उसे सात टांके आये हैं लेकिन वह मजबूत लड़का है और ठीक हो जाएगा।'' भारत के मुख्य कोच क्रेग फुल्टोन ने कहा कि उनकी टीम ने आखिरी मैच में दमदार प्रदर्शन किया जो टूर्नामेंट में इससे पहले नहीं कर सकी।

Advertisement

उन्होंने कहा, ''हमारी शुरूआत अच्छी नहीं रही और पहले हाफ में उन्होंने उम्दा प्रदर्शन किया। ब्रेक के बाद हमने बेहतर प्रदर्शन किया और कुछ अच्छे सेव किये। मनप्रीत के चोटिल होने से झटका लगा लेकिन टीम ने दूसरे हाफ में शानदार खेल दिखाया। साठ मिनट के बाद मैच ड्रॉ था और इस प्रदर्शन से मैं खुश हूं।'' मनप्रीत की चोट के बारे में उन्होंने कहा, ''उसे गंभीर चोट लगी थी जिसकी वजह से हमें दिलप्रीत को फॉरवर्ड लाइन से मिडफील्ड में भेजना पड़ा लेकिन उसने अच्छा प्रदर्शन किया।चतुराई से खेलने की जरूरत थी जो टीम ने खेला। दो कदम आगे और एक कदम पीछे लेकिन हर मैच में हमने मौके बनाए। आखिरी मैच में दमदार प्रदर्शन किया जो पहले नहीं कर सके थे। एशियाई खेलों में इस लय के साथ जाना हमारे लिए बहुत महत्वपूर्ण है।''

Advertisement
×